पाकिस्तान में मशहूर टिकटॉकर शम्सू बीबी की गोली मारकर हत्या, टैक्सिला में कार पर अंधाधुंध फायरिंग, 4 संदिग्ध हिरासत में

0

TikToker Murder Punjab Police: पाकिस्तान की मशहूर टिकटॉकर शम्सू बीबी की टैक्सिला में गोली मारकर हत्या। पुलिस ने 4 संदिग्धों को हिरासत में लिया, पैसों के लेनदेन से जुड़ा मामला।Pakistani TikToker Shamsu Bibi Murder: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत स्थित टैक्सिला शहर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लगभग 13 लाख फॉलोअर्स वाली मशहूर टिकटॉकर शम्सू बीबी उर्फ आयशा गिलमाना (28) की अज्ञात हमलावरों ने कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। घटना में उनकी 15 वर्षीय बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है।

फोन कर बाहर बुलाया, फिर पेट्रोल पंप के पास बरसाईं गोलियां

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 14 अगस्त को शम्सू बीबी को काशिफ उर्फ काशी नाम के व्यक्ति का फोन आया, जिसने उन्हें तुरंत मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद शम्सू अपनी बहन असीमा और भाई नईमतुल्लाह के साथ कार से निकलीं। जहां टैक्सिला के एक पेट्रोल पंप के पास मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने उनकी कार पर गोलियां चला दीं। गर्दन में गोली लगने से शम्सू की मौके पर ही मौत हो गई।

फायरिंग के दौरान अनियंत्रित होकर कार दूसरी गाड़ी से टकरा गई, जिससे उनकी बहन असीमा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।पैसों के लेनदेन में जान से मारने की मिली थी धमकियां

मृतका के परिजनों ने हत्या के पीछे वित्तीय विवाद की आशंका जताई है।

धमकियों की शिकायत: शम्सू के भाई रहमतुल्लाह के अनुसार, शम्सू का कौसर और जावेद उर्फ शाहीन नाम के व्यक्तियों से पैसों का लेनदेन था। पैसे वापस मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं, जिसकी शिकायत इस्लामाबाद पुलिस में भी दर्ज कराई गई थी।

पिता का आरोप: मृतका के पिता फजल साहिबजादा ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कौसर और जावेद ने किराए के शूटरों के जरिए करवाई है। फजल साहिबजादा ने अस्पताल पहुंचकर अपनी बेटी के शव की पहचान की। उनके बेटे नईमतुल्लाह ने पुलिस को बताया कि वह हमलावरों को सामने आने पर पहचान सकता है।

जांच में जुटी पुलिस: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल डिटेल, सीसीटीवी और सर्विलांस फुटेज के आधार पर हिरासत में लिए गए चार संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

शिकायत में शम्सू के पिता ने दावा किया कि उनकी बेटी करीब 3-4 वर्षों से टिकटॉक वीडियो बना रही थीं और उनके लगभग 13 लाख फॉलोअर्स थे। परिवार के मुताबिक, उनके अकाउंट पर 30-35 मिलियन से अधिक लाइक्स भी थे। हत्या के बाद परिवार ने उनका टिकटॉक अकाउंट डीएक्टिवेट कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here