सेहत के लिए फायदेमंद माना जाने वाला गुड़ कहीं आपकी बीमारी की वजह न बन जाए। बाजार में बिक रहे नकली और केमिकल युक्त गुड़ की पहचान FSSAI द्वारा बताए गए आसान तरीकों, रंग की जांच और वॉटर टेस्ट से घर पर ही करें।सर्दियों के मौसम में या सेहत सुधारने के लिए गुड़ का सेवन बेहद फायदेमंद माना जाता है। पाचन को बेहतर बनाने से लेकर शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ाने तक, गुड़ गुणों की खान है। लेकिन बाजार में बिकने वाला हर गुड़ आपकी सेहत के लिए फायदेमंद हो, यह जरूरी नहीं है। मुनाफा कमाने के चक्कर में आजकल बाजार में बड़े पैमाने पर मिलावटी और रासायनिक (केमिकल) रूप से तैयार किया गया नकली गुड़ बेचा जा रहा है। इस नकली गुड़ में बेकिंग सोडा, कृत्रिम रंग (Artificial Colors), चॉक पाउडर और यहां तक कि वॉशिंग सोडा जैसी हानिकारक चीजें मिलाई जाती हैं। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी है कि आपके घर में रखा गुड़ असली है या जहरीला रसायन।
FSSAI ने बताया कैसे करें फेक गुड़ की पहचान
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने असली और नकली गुड़ की पहचान करने के लिए कुछ आसान और सटीक तरीके बताए हैं। सबसे पहला और आसान तरीका गुड़ का रंग और बनावट देखना है। अक्सर लोग दिखने में साफ, चमकदार और हल्के पीले रंग का गुड़ खरीदना पसंद करते हैं, लेकिन यही सबसे बड़ा धोखा हो सकता है। प्राकृतिक और असली गुड़ का रंग हमेशा गहरा भूरा (Dark Brown) या थोड़ा कालापन लिए होता है। यदि गुड़ बहुत ज्यादा चमकीला, साफ और हल्का पीला दिखता है, तो समझ लीजिए कि उसे साफ करने और आकर्षक बनाने के लिए भारी मात्रा में ब्लीचिंग एजेंट और केमिकल का इस्तेमाल किया गया है।






















































