तहसीलदार भूपेंद्र अहिरवार ने पटाखा एसोसिएशन के साथ की बैठक, दिये आवश्यक दिशा-निर्देश
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय स्थित माँ सरस्वती सभामंच में शुक्रवार को तहसीलदार भूपेंद्र अहिरवार की उपस्थिति में पटाखा एसोसिएशन की एक आवश्यक बैठक संपन्न हुई। बैठक में आगामी दीपावली पर्व के मद्देनजर अस्थायी पटाखा दुकानें लगाये जाने और शासन के नये दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान तहसीलदार भूपेंद्र अहिरवार ने सभी अस्थायी दुकानदारों को शासन के नये नियमों से अवगत करवाये और उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन दुकानदारों ने अस्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन किया है, उन सभी के लाइसेंस प्राप्त होने के बाद ही निष्पक्ष रूप से ड्रॉ खोलकर दुकानों का आवंटन किया जायेगा। इसके साथ ही सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक पटाखा दुकान में टीन शेड, रेत की बोरियां और अग्नि सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये। वहीं प्रशासन ने दो टूक कहा कि जिस व्यक्ति के नाम से लाइसेंस जारी होगा, दुकान पर उसी की उपस्थिति अनिवार्य होगी तथा सभी को शासन के नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा।
हाई स्कूल मैदान का किया गया निरीक्षण
बैठक संपन्न होने के बाद तहसीलदार भूपेंद्र अहिरवार ने पटाखा एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ स्थानीय हाई स्कूल मैदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानें लगाने के लिए उचित स्थान को चिन्हित किया गया और दुकानों के व्यवस्थित संचालन व लेआउट को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। इस दौरान अस्थायी पटाखा दुकानदारों ने प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए बताया कि वे मात्र ४-५ दिनों के लिए वैध लाइसेंस लेकर दुकानें लगाते हैं, लेकिन बाजार क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से पटाखों का विक्रय किया जाता है जिससे उनके व्यापार पर प्रभाव पड़ता है। दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे अवैध विक्रेताओं पर कड़ी कार्यवाही कर रोक लगाई जाये।










































