Nakulnath Launching: अर्से बाद पूर्व सीएम कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ 14 नवंबर को भोपाल आ रहे हैं। इससे पहले उनके समर्थकों ने होर्डिंग-पोस्टर से पाट दिया है। लेकिन पोस्टर में वर्तमान नेतृत्व के नेताओं की तस्वीर नहीं है। नगर निगम ने भी कई जगहों से पोस्टर उतार दिए हैं।
भोपाल: 2023 के विधानसभा चुनाव के बाद से मध्य प्रदेश में नाथ परिवार की गतिविधियां उतनी नहीं है। अब लंबे समय बाद कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ का आगमन भोपाल में होने जा रहे हैं। इसे लेकर उनके समर्थकों ने शहर को पोस्टर से पाट दिए हैं। मगर कुछ इलाकों में नगर निगम ने पोस्टर उतार दिए हैं।
पीसीसी के बाहर लगे पोस्ट
छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ के पोस्टर भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर भी लगे हैं। पोस्टर पर जो स्लोगन लिखे हैं, उससे एमपी में एक बड़ा सियासी संदेश जा रहा है। पीसीसी के बाहर लिखे पोस्टर पर लिखा है कि मध्य प्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है।
बड़े नेताओं की नहीं है तस्वीर
वहीं, इस पोस्टर की सबसे बड़ी बात यह है कि अभी प्रदेश में नेतृत्व कर रहे नेताओं की तस्वीर हैं। नकुलनाथ के लिए लगाए गए पोस्टर में कमलनाथ के करीबी नेताओं की तस्वीर है। न तो प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की और न ही नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार की तस्वीर लगी है।
कितने दिन बीजेपी की सरकार रहेगी
इसके साथ ही शहर में कई जगहों पर नकुलनाथ के पोस्टर लगाए गए हैं। नगर निगम की टीम ने बिना अनुमति के लगे पोस्टर को उतार दिए हैं। इस दौरान नरेला से कांग्रेस के उम्मीदवार रहे मनोज शुक्ला की बहस भी हुई है। वीडियो में वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि कितने दिन मध्य प्रदेश में बीजेपी की सरकार रहेगी। वह कहते हैं कि बीजेपी का अतिक्रमण नहीं दिखता है क्या।
14 नवंबर को पहुंचेंगे नकुलनाथ
दरअसल, नकुलनाथ 14 नवंबर को भोपाल पहुंचेंगे। महीनों बाद वह भोपाल आ रहे हैं। ऐसे में उनके समर्थकों ने स्वागत की जबरदस्त तैयारी की है। माना जा रहा है कि एक तरह नकुलनाथ कांग्रेस के अंदर अपनी दमदारी दिखाने आ रहे हैं। अभी राजनीतिक रूप से प्रदेश में उनकी सक्रियता कम है। विधानसभा चुनाव के बाद वह छिंदवाड़ा तक ही केंद्रित हैं।
लोकसभा चुनाव हार गए
नकुलनाथ छिंदवाड़ा से सांसद थे। छिंदवाड़ा कांग्रेस का गढ़ रहा है। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी के बंटी साहू से वह चुनाव हार गए थे। अब परिवार में सिर्फ कमलनाथ ही छिंदवाड़ा विधानसभा से विधायक हैं। 2028 में अपनी वजूद को कायम रखने के लिए नकुलनाथ अब सक्रियता बढ़ाना चाहते हैं।










































