बालाघाट पहुंचकर साझा किए सफलता और समाजसेवा के विचार, महिलाओं के लिए बनीं प्रेरणा
प्रतिभा, आत्मविश्वास और सेवा भावना के दम पर समीक्षा चौधरी तुरकर ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान स्थापित करते हुए क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। समीक्षा को मिसेज वर्ल्ड इंटरनेशनल 2026 के चार्मिंग वर्ग में विजेता चुना गया है। प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 25 जुलाई 2026 को गुरुग्राम में आयोजित हुआ था। इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के बाद उनके परिवार, रिश्तेदारों और बालाघाट एवं गोंदिया क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने, न केवल परिवार को गौरवान्वित किया है, बल्कि क्षेत्र की महिलाओं के सामने भी आत्मविश्वास और मेहनत से सफलता हासिल करने का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
समीक्षा चौधरी तुरकर मूल रूप से महाराष्ट्र के काटी बिरसोला की निवासी हैं। वे बालाघाट नगर पालिका परिषद के वार्ड क्रमांक 32 के पार्षद राज हरिनखेड़े की भांजी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता मंप विजेता बनकर उन्होंने अपने व्यक्तित्व, प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि महिलाएं अपनी इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयासों के बल पर किसी भी मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। गुरुवार 12 नवंबर को बालाघाट पहुंचीं समीक्षा ने मीडिया से चर्चा के दौरान अपनी पारिवारिक पृष्ठभूमि, देशसेवा के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारियों को लेकर विचार साझा किए। उन्होंने बताया कि उनके दादा और पिता ने देशसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। परिवार से मिले संस्कारों और सेवा भावना ने उनके जीवन और सोच को गहराई से प्रभावित किया है। समीक्षा का मानना है कि जीवन केवल अपने और अपने परिवार तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि दूसरों के लिए भी कुछ करने का प्रयास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की मदद करना, समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना ही सच्ची सेवा भावना है। उनके अनुसार सफलता का वास्तविक महत्व तभी है, जब व्यक्तिगत उपलब्धियों के साथ उसका उपयोग समाज को बेहतर बनाने और दूसरों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने में किया जाए। यही सोच उनके व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकारों को भी दर्शाती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने के बाद बालाघाट पहुंचीं समीक्षा ने वार्ड क्रमांक 32 में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वार्ड पार्षद राज हरिनखेड़े, समीक्षा के परिजन और वार्डवासी मौजूद रहे। पौधारोपण के माध्यम से हरियाली बढ़ाने, पर्यावरण को सुरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने समीक्षा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका स्वागत और अभिनंदन किया। वर्तमान दौर में महिलाएं शिक्षा, कला, संस्कृति, खेल और सामाजिक कार्यों से लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों तक अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे समय में समीक्षा चौधरी तुरकर की उपलब्धि महिला सशक्तीकरण और आत्मविश्वास का एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आई है। मिसेज वर्ल्ड इंटरनेशनल 2026 के चार्मिंग वर्ग में विजेता बनना उनकी व्यक्तिगत सफलता के साथ परिवार और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। गोंदिया से जुड़ी पारिवारिक पृष्ठभूमि और बालाघाट से उनके रिश्तों के कारण उनकी इस उपलब्धि को दोनों क्षेत्रों में विशेष महत्व मिल रहा है। समीक्षा की सफलता उन महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को साकार करने के साथ समाज के लिए भी कुछ बेहतर करने का संकल्प रखती हैं।









































