अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर की सुख-समृद्धि की कामना
36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत में लीन रहे श्रद्धालु, छठी मैया के जयकारों से गूंजे घाट
पारंपरिक पूजा-अर्चना और छठ गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल
सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा चार दिवसीय महापर्व,
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट। लोक आस्था, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की छटा रविवार की शाम बालाघाट में देखते ही बनी। वैनगंगा नदी तट और मोती उद्यान में छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पूरा वातावरण छठी मैया और सूर्य देव की आराधना में सराबोर नजर आया। चार दिवसीय महापर्व के तीसरे दिन रविवार 15 नवंबर को व्रती महिलाओं और पुरुषों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। पारंपरिक वेशभूषा, पूजा सामग्री से सजे सूप-दउरा, फल, फूल, गन्ना, नारियल और ठेकुआ के प्रसाद के साथ घाटों पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से संध्या अर्घ्य की परंपरा निभाई। शाम ढलते ही घाटों पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई और छठी मैया के जयकारों तथा पारंपरिक छठ गीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
36 घंटे का निर्जला व्रत, कठिन तप और अटूट आस्था
बताया गया कि छठ महापर्व का तीसरा दिन धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। इस दिन व्रती महिलाएं और पुरुष लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास रखते हैं। छठ व्रत करने वाली महिलाओं को परवैतिन कहा जाता है। वे पूरी पवित्रता, संयम और नियमों का पालन करते हुए सूर्य देव एवं छठी मैया की आराधना करती हैं। रविवार को व्रतियों ने जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान बांस से बने सूप और दउरा में मौसमी फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ तथा अन्य पारंपरिक पूजन सामग्री सजाई गई थी। परिवार के सदस्य भी इस धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बने। धार्मिक मान्यता है कि छठी मैया और सूर्य देव की उपासना से परिवार में सुख-समृद्धि आती है, संतान को आरोग्य एवं दीर्घायु प्राप्त होती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालु कठिन तप और पूरी निष्ठा से यह व्रत करते हैं।
नहाय-खाय से शुरू हुआ महापर्व, खरना के बाद शुरू हुआ निर्जला उपवास
चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर शुक्रवार को नहाय-खाय की परंपरा के साथ हुई थी। इस दिन व्रतियों ने स्नान कर घरों में साफ-सफाई और शुद्धता के साथ सात्विक भोजन ग्रहण किया। इसके बाद 14 नवंबर शनिवार को खरना की परंपरा निभाई गई। व्रतियों ने दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ और चावल से बनी खीर, रोटी सहित अन्य प्रसाद ग्रहण किया। खरना के साथ ही करीब 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का शुभारंभ हुआ। रविवार को तीसरे दिन संध्या अर्घ्य देकर अस्त होते सूर्य की उपासना की गई। अब सोमवार 16 नवंबर को महापर्व के अंतिम दिन उषा अर्घ्य की परंपरा निभाई जाएगी। इसके लिए श्रद्धालु सूर्योदय से पहले ही वैनगंगा तट और मोती उद्यान पहुंचेंगे तथा उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना करेंगे। इसके साथ ही व्रत का पारण कर चार दिवसीय महापर्व का विधिवत समापन होगा।
अस्त और उदय दोनों सूर्य की उपासना, प्रकृति के प्रति आभार का संदेश
बताया गया कि छठ महापर्व की सबसे विशिष्ट परंपरा यह है कि इसमें अस्ताचलगामी और उदयाचलगामी दोनों सूर्य की समान श्रद्धा के साथ उपासना की जाती है। जहां सामान्यतः उगते सूर्य को ऊर्जा, जीवन और नई शुरुआत का प्रतीक मानकर पूजा जाता है, वहीं छठ में डूबते सूर्य को भी अर्घ्य अर्पित किया जाता है। यह परंपरा जीवन में संतुलन, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और हर परिस्थिति को समान भाव से स्वीकार करने का संदेश देती है। सूर्य को जीवन, ऊर्जा और आरोग्य का आधार माना गया है, जबकि छठी मैया की आराधना संतान की खुशहाली और परिवार के मंगल से जुड़ी हुई है। लोकमान्यता के अनुसार छठी मैया को सूर्य देव की बहन माना जाता है। यही वजह है कि इस महापर्व में दोनों की संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना की जाती है।
बालाघाट में बढ़ता जा रहा छठ पूजा का स्वरूप
ज्ञात हो की छठ महापर्व का विशेष महत्व बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और नेपाल के तराई क्षेत्रों में रहा है, लेकिन अब यह पर्व देश के विभिन्न हिस्सों में भी व्यापक रूप से मनाया जाने लगा है। बालाघाट में भी पिछले कई वर्षों से छठ पूजा की परंपरा लगातार आगे बढ़ रही है। वैनगंगा नदी तट और मोती उद्यान में स्थानी…








































