बालाघाट। चांगोटोला थाना क्षेत्र के ग्राम पचपेड़ी में एक 65 वर्षीय वृद्ध किसान का शव खेत के कुएं से बरामद किया गया। मृतक किशनु लाल यादव पिता स्व. गुहालाल यादव पचपेड़ी निवासी है। आशंका जताई जा रही है कि खेत में काम करते समय पैर फिसलने से वे कुएं में गिर गए। जिससे डूबने के कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशनु लाल यादव खेती-किसानी का काम करते थे। उन्होंने गांव के ही राजू पवार का खेत अधिया पर लेकर उसमें धान की फसल लगाई थी। 17 नवंबर की सुबह वे अपने अधिया के खेत में लगी धान की फसल की रीपर मशीन से कटाई करवाने के लिए पहुंचे थे।
सुबह करीब 9 बजे रीपर चालक गुलाब टेम्भरे ने फोन कर किशनु यादव के बेटे महेश यादव को सूचना दी कि खेत के कुएं में उनके पिता की चप्पल दिखाई दे रही है.जबकि वे कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। सूचना मिलते ही महेश यादव तत्काल खेत पहुंचा। वहां कुएं में अपने पिता का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उसने तत्काल चांगोटोला थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना पर चांगोटोला पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राजू पवार के खेत स्थित कुएं से शव बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि कुएं के पास से गुजरते समय अथवा खेत में आए मवेशियों को भगाने के दौरान किशनु यादव का पैर फिसल गया होगा और वे कुएं में जा गिरे होंगे। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। चांगोटोला पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।









































