NHAI Negligence: NHAI एनएचआई की बड़ी लापरवाही सामने आई है। एक वकील के खाते में 34 करोड़ 32 लाख रुपए की राशि भेज दी गई और अधिकारियों को 48 घंटे तक भनक भी नहीं लगी। वकील ने खुद जाकर बैंक को जानकारी दी। इसके बाद विभाग तक बात पहुंची तो हड़कंप मच गया।
इंदौर: नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। विभाग ने गलती से एक वकील के बैंक खाते में 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपए ट्रांसफर कर दिए। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी रकम गलत खाते में पहुंचने के बाद भी विभाग के अधिकारियों को करीब 48 घंटे तक इसकी जानकारी नहीं मिली। वहीं, जिस वकील के खाते में करोड़ों रुपए आए थे उन्होंने खुद आगे आकर अधिकारियों को इस गलती के बारे में बताया और पूरी रकम वापस कर दी।
7 नवंबर को खाते में आई राशि
जानकारी के मुताबिक 7 नवंबर 2026 को सीनियर एडवोकेट अजय बागड़िया के बैंक खाते में NEFT के जरिए 34 करोड़ 32 लाख 94 हजार 346 रुपए जमा हुए। जब उनके मोबाइल पर बैंक का मैसेज आया तो इतनी बड़ी रकम देखकर वे भी हैरान रह गए। शुरुआत में उन्हें समझ नहीं आया कि अचानक उनके खाते में इतनी बड़ी राशि कहां से आ गई।
एनएचआई से आई थी राशि
इसके बाद उन्होंने बैंक से मिली जानकारी के आधार पर पता लगाया कि यह रकम कहां से भेजी गई है। जांच करने पर सामने आया कि पैसा NHAI की ओर से ट्रांसफर किया गया है। इसके बाद अजय बागड़िया ने हरदा NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष मीणा से संपर्क किया और उन्हें बताया कि विभाग की ओर से गलती से उनके बैंक खाते में करोड़ों रुपए भेज दिए गए हैं।
अधिकारियों में मचा हड़कंप
यह जानकारी मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया। प्रोजेक्ट मैनेजर मनीष मीणा ने अपनी गलती स्वीकार की और अजय बागड़िया से रकम वापस करने का अनुरोध किया। इसके बाद वकील ने बिना देरी किए 9 नवंबर को पूरी राशि NHAI को लौटा दी।
कैसे हुई इतनी बड़ी चूक
बताया जा रहा है कि NHAI ने अपने मामलों की पैरवी के लिए सीनियर एडवोकेट अजय बागड़िया को नियुक्त कर रखा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर विभाग की ओर से इतनी बड़ी रकम उनके खाते में कैसे पहुंच गई। भुगतान से पहले बैंक खाते का नंबर और दूसरी जरूरी जानकारियां जांचने की जिम्मेदारी अधिकारियों की होती है। इसके बावजूद इतनी बड़ी गलती होना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
अपनाई जाती है एक तय प्रक्रिया
NHAI में किसी भी ठेकेदार या संबंधित व्यक्ति को भुगतान करने के लिए एक तय प्रक्रिया अपनाई जाती है। इसमें काम की जांच से लेकर बैंक खाते का सत्यापन करने तक कई स्तर होते हैं। हर स्तर पर अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। इसके बाद ही रकम जारी की जाती है।
इस तरह होता है NHAI में भुगतान
NHAI में किसी भी ठेकेदार या संबंधित व्यक्ति को भुगतान करने से पहले कई स्तरों पर जांच की जाती है। सबसे पहले काम पूरा होने के बाद प्रोजेक्ट अधिकारी मौके पर जाकर उसका निरीक्षण करता है। इसमें देखा जाता है कि काम तय योजना और मानकों के अनुसार हुआ है या नहीं। इसके बाद अधिकारी निरीक्षण रिपोर्ट तैयार करता है जिसमें काम पूरा होने और उसकी गुणवत्ता से जुड़ी जानकारी दर्ज होती है।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर के स्तर पर मिलती है मंजूरी
यह रिपोर्ट मंजूरी के लिए प्रोजेक्ट डायरेक्टर के पास भेजी जाती है। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद फाइल फाइनेंस सेक्शन में पहुंचती है। फाइनेंस विभाग में भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाती है और इसके बाद रकम जारी करने के लिए नोटशीट तैयार होती है। इस पूरी प्रक्रिया में संबंधित कर्मचारी और अधिकारियों की जिम्मेदारी होती है कि वे ठेकेदार के अधिकृत बैंक खाते का नंबर और दूसरी जरूरी जानकारियों का मिलान करें। खाते का सत्यापन होने के बाद ही भुगतान किया जाता है।










































