Youth Gau Seva Sansthan: एमपी के सिंगरौली में 20 युवाओं की टोली सड़क दुर्घटना में घायल गायों की जिंदगी बचाने में जुटे हैं। इस काम के लिए ये लोग किसी प्रकार की सरकारी मदद नहीं लेते हैं। कोरोना काल में उत्कर्ष सिंह नाम के युवा ने इसकी शुरुआत की थी। उसके बाद से यह काम हो रहा है।
मध्य प्रदेश के सिंगरौली में युवाओं ने मानवता और गौसेवा की मिसाल पेश की है। उनकी सेवा ऐसी है कि आज हर तरफ चर्चा हो रही है। कोरोना के समय से शुरू की गई यह सेवा अभी भी जारी है। सड़कों पर घायल और दुर्घटनाग्रस्त मवेशियों को जब उठाने वाले कोई नहीं था, तब ये लोग उठाकर लाए और उनका इलाज करवाया। इस काम का बीड़ा उत्कर्ष सिंह ने उठाया है।
युवा उत्कर्ष के इस पहल के आज सात साल हो चुके हैं। बिना किसी सरकारी सहायता के उनकी टीम घायल मवेशियों का इलाज कर रही है। दरअसल, कोरोना काल के दौरान बाहर पढ़ाई कर रहे सिंगरौली के उत्कर्ष सिंह ने सड़क पर एक गाय को दुर्घटना में घायल होते देखा। हैरानी की बात यह थी कि वाहन चालक ने रुककर उसकी सुध तक नहीं ली।
सड़क पर तड़पती गाय का यह दृश्य उत्कर्ष के दिल को छू गया। उन्होंने उसी दिन संकल्प लिया कि अब कोई भी मवेशी इलाज के अभाव में सड़क पर दम नहीं तोड़ेगा। शुरुआत बेहद सीमित संसाधनों से हुई। उत्कर्ष ने एक छोटी सी झोपड़ी बनाई और घायल मवेशियों की सूचना मिलते ही अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर लाने और इलाज कराने का काम शुरू किया।
धीरे-धीरे उनके इस सेवा कार्य से लोग जुड़ते गए और आज गौसेवा संस्थान में 20 से अधिक युवक-युवतियां निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब टीम को कहीं भी सड़क दुर्घटना में घायल मवेशी की सूचना मिलती है तो सदस्य तत्काल मौके पर पहुंचते हैं और उसे शेल्टर होम में लाकर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराते हैं। यहां मवेशियों के इलाज के साथ उनके खाने-पीने और देखभाल की भी पूरी व्यवस्था की जाती है।
हालांकि, सात साल से लगातार सेवा करने के बावजूद संस्थान को अब तक प्रशासन से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया है। उत्कर्ष का कहना है कि कई पशुपालक दूध निकालने के बाद अपने मवेशियों को सड़कों पर बेसहारा छोड़ देते हैं। यह बेहद पीड़ादायक स्थिति है। उनका मानना है कि मवेशियों से दूध लेने के बाद उनकी देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी पशुपालकों को ही निभानी चाहिए
गौसेवा के इसी जज्बे और समर्पण को देखते हुए गौपाष्टमी के सातवें आयोजन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां उत्कर्ष सिंह और उनकी टीम के सेवा कार्यों की सराहना की गई। सीमित संसाधनों के बीच सात साल से जारी यह पहल समाज को इंसानियत और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दे रही है।










































