रिमझिम बारिश से भीगी धान की कटी फसल, अंकुरण की चिंता से किसान परेशान

0

बदलीनुमा मौसम से तुअर सहित अन्य दलहनी फसलों को नुकसान की आशंका

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह से मौसम के मिजाज में आये बदलाव और बीती रात से रूक-रूक कर हो रही रिमझिम बारिश ने अन्नदाओं की चिंता बढ़ा दी है। वहीं चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से जुड़े मौसमी प्रभावों के बीच अचानक मौसम में बदले मिजाज के चलते दो दिनों से लालबर्रा क्षेत्र में रिमझिम बारिश हो रही है। वहीं खेतों में कटी रखी धान की फसल बारिश से भीग रही है, जिससे दाने खराब होने और फसल के खेत में ही अंकुरित होने का खतरा मंडराने लगा है। मौसम का यही रूख बना रहा तो किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। वहीं बदलीनुमा मौसम से तुअर की फसल में बीमारी लगेगी और मौसम खुले के आसार नजर नही आ रहे है जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि अगर दो-तीन दिन इसी तरह बारिश होते रही तो किसानों के खेतों में पड़ी धान पुरी तरह से गीली हो जायेगी और सरकार उसे समर्थन मूल्य में नही खरीदेगी जिससे किसानोंं को काफी नुकसान होगा। इस तरह से पूर्व में किसान बारिश की बेरूखी, फसल में लगी कीट-माहू की बीमारी से परेशान थे। अब अचानक मौसम परिवर्तन एवं बारिश होने से खेत में खड़ी एवं कटी फसल के भींगने से काफी चिंतित नजर आ रहे है। अगर तेज बारिश होती है तो किसानों की पूरी फसल बर्बाद हो जायेगी और किसानों को आर्थिक परेशानियों से जुझना पड़ेगा। किसान मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे है ताकि मौसम साफ होते ही अपनी फसल को सुरक्षित कर सके।

कटी फसल को सुरक्षित रखने की जद्दोजहद

आपकों बता दे कि क्षेत्र में अचानक मौसम के बदले मिजाज एवं बे-मौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कुछ दिनों से क्षेत्र में लगातार मौसम का मिजाज बदल रहा है और कभी तेज धूप छाई रहती है तो कभी बादल छा जाते। बार-बार मौसम के बदलने के साथ ही शुक्रवार की रात से लेकर शनिवार को दिनभर हुई रिमझिम बारिश से किसान चिंतित है। वर्तमान में खरीफ धान की फसल में भारी प्रजाति किस्म की धान की कटाई कार्य जारी है किन्तु शुक्रवार की शाम से लेकर शनिवार को दिनभर नगर मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रूक-रूक कर बारिश हो रही है और दिनभर आसमान में बादल छाया रहा। मौसम के अचानक बदल जाने एवं बारिश होने से किसान परेशान नजर आ रहे है क्योंकि जो धान कटी हुई है उसके कड़पे भींग गये है। वहीं भींगी हुई धान को कम कीमत में व्यापारियों के द्वारा खरीदा जायेगा। वहीं इन दिनों क्षेत्र में भारी प्रजाति किस्म की खरीफ धान की कटाई के साथ ही उसके कड़पे उठाने का कार्य जारी है किन्तु अचानक मौसम के बदलने के कारण कई किसान पककर तैयार हो चुकी फसल की कटाई भी नही करवा पा रहे है जो खड़ी फसल है उसमें विभिन्न प्रकार की बीमारी भी लग सकती है और मौसम के बदले मिजाज के चलते किसान बेहद चिंतित है। वहीं किसानों का कहना है कि यदि जल्द धूप नहीं खिली और नमी बनी रही, तो धान के दानों में अंकुरण शुरू हो सकता है या रंग व गुणवत्ता खराब होने से मंडी में उचित दाम नहीं मिल पायेगें।

बादल छाये रहने से तुअर की फसल में लग रही बीमारियां

बालाघाट जिले में सबसे अधिक धान की खेती की जाती है और धान की खेती के साथ में तुअर, उड़द व अन्य दलहनी फसले लगाई जाती है और वर्तमान में खरीफ धान के समय मेढ़ों पर किसानों ने तुअर लगाया है। जिसमें फुल व फल लगने लगे है किन्तु मौसम के बदलने के साथ ही बादल छाये रहने से तुअर में लगी फुल झडऩे के साथ ही उसमें इल्लियां व अन्य बीमारियां भी लगने लगी है जिससे तुअर की फसल भी प्रभावित होगी। साथ ही किसानों के द्वारा तुअर में लग रही बीमारी की रोकथाम के लिए कीटनाशक दवाओं का भी छिडक़ाव किया जा रहा है किन्तु आसमान में बादल छाये रहने से दवाईयां भी काम नही कर पा रही है। जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here