मेंढक़ी में किसानों के सामूहिक सहयोग से धर्मकांटे का शुभारंभ और कृषि कार्यशाला आयोजित

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मेंढक़ी के धान खरीदी केंद्र परिसर में किसानों के सामूहिक सहयोग से स्थापित धर्मकांटे का शुभारंभ किया गया। जय किसान धर्मकांटा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषि विभाग के अधिकारी कर्मचारियों, उन्नत कृषकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में विधि विधान से पूजा अर्चना कर धर्मकांटे का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कृषि कार्यशाला का भी आयोजन किया गया जिसमें किसानों को उन्नत खेती, फ सल उत्पादन और शासन की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। धान उपार्जन के दौरान मेंढक़ी सोसायटी में धान के वजन में अंतर और कमी की समस्या सामने आई थी। किसानों के अनुसार ट्रकों में पर्याप्त मात्रा में धान भरने के बावजूद वजन में अंतर आने से समिति को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए किसानों ने स्वयं पहल की और सामूहिक सहयोग से धर्मकांटा स्थापित करवाने का निर्णय लिया। इसके लिए झाडग़ांव, डोके, मेंढकी, मंगेझरी सहित समिति से जुड़े अन्य गांवों के किसानों ने धान उपार्जन के दौरान प्रति क्विंटल निर्धारित राशि का अंशदान किया। किसानों के द्वारा एकत्रित की गई राशि से धान खरीदी केंद्र परिसर में धर्मकांटा स्थापित करवाया गया है। अब धान से भरे प्रत्येक ट्रक का वजन करवाकर परिवहन किया जा सकेगा। जय किसान धर्मकांटा समिति के सदस्य किशोर बिसेन ने बताया कि धर्मकांटे का शुभारंभ और कृषि कार्यशाला का आयोजन करवाया गया है। समिति से जुड़े सभी गांवों के किसानों ने इसमें सहयोग किया जिसके परिणामस्वरूप आज धान खरीदी केंद्र परिसर में धर्मकांटा स्थापित हो सका है। कृषक संगोष्ठी में किसानों को रबी सीजन की फ सलों की तैयारी, फसल लगाने की उन्नत तकनीक, बेहतर उत्पादन प्राप्त करने के उपाय तथा कृषि विभाग के द्वारा संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि पद्धतियां अपनाकर खेती को लाभकारी बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर सरपंच श्रीमती सावित्री लक्ष्मीनारायण कुंजाम, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष कल्पना मर्सकोले, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र मोहारे, जागवेंद्रनाथ बिसेन, आर एल हनवत, फूलसिंह मालवीय, उत्तम बिसेन,यशवंत लिल्हारे, सुभाष पारधी, नरेंद्र बिसेन,चिंतामन नगपुरे, नंदकिशोर बिसेन, जीवनलाल बिसेन, निरंजन बिसेन, पन्नालाल नगपुरे, रामचंद्र पारधी, चेतलाल चौहान, प्रवीण पारधी,राजकुमार सुखलाल मसकरे, रामकिशोर बिसेन, अरुण रहांगडाले, किशोर बिसेन, सचिन बिसेन सहित अन्य किसान एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here