मेरे प्यारे मध्‍य प्रदेश की साहसिक आवाज है नईदुनिया- CM शिवराज सिंह चौहान

0

जब कोई अखबार पूरे साहस, समर्पण और आम जनमानस के सहयोग के साथ अपनी गौरवशाली यात्रा पर चलता है, तो वह जन-जन के मानस में अपनी गहरी पैठ बना लेता है। नईदुनिया वैसा ही अखबार है, जिसने बीते करीब सात दशक में प्रतिदिन मध्य प्रदेश के हित में, प्रदेश की जनता के हित में अपनी आवाज बुलंद की है।

मध्य प्रदेश और नईदुनिया की यात्रा लगभग एक साथ शुरू हुई। मुझे याद आता है कि जब-जब प्रदेश के विकास के लिए जनता का मानस बनाने की बारी आई, तो नईदुनिया ने यह महत्वपूर्ण बीड़ा उठाया और जनता को जागरूक किया कि वह भविष्य के लिए किस तरह स्वयं को तैयार करे। इंदौर की प्यास बुझाने के लिए मां नर्मदा को इंदौर लाने की बात हो या फिर मां शिप्रा को नर्मदा से जोड़ने का ऐतिहासिक क्षण, नईदुनिया विकास के हर पल में मध्य प्रदेश के साथ खड़ा दिखा है।

किसी अखबार के सामने सबसे बड़ी कसौटी यही होती है कि वह जनता की आवाज बने और न सिर्फ आवाज बने बल्कि उस आवाज में घुले प्रश्नों का हल भी बन जाए। हमने अपनी छात्र राजनीति के दौर से देखा है कि नईदुनिया इस कसौटी पर सदैव खरा उतरा है। इस अखबार ने अपने लिए कभी कोई नकारात्मक भूमिका तय नहीं की। हमने जब भी देखा, इसे प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्ध ही देखा। यह जितनी मुखरता से जनता की आवाज बना रहा, उतनी ही प्रखरता से नीति-नियंताओं से संवाद भी करता रहा। गांव-कस्बे के आम जनमानस की आवाज को राजधानी तक पहुंचाता रहा और राजधानी से चलने वाली सूचनाओं, योजनाओं को जनमानस तक पहुंचाता रहा। इस यात्रा में नईदुनिया ने अपने स्वाभिमान, सम्मान और अपने दायित्व-बोध को सदैव ही स्मरण में रखा।

इतिहास में अपना स्वर्णिम युग देखते हुए यह अखबार अब मध्य प्रदेश को भविष्य के सपने दिखा रहा है। नईदुनिया हमें अक्सर सरकार को एक मित्र की तरह सलाह देता हुआ-सा लगता है। एक उन्न्त, सुखी, समृद्ध और प्रगतिशील मध्य प्रदेश को गढ़ने की सलाह। यह सलाह कई बार अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और प्रदेश के विकास की नीतियां बनाने में शासन की मदद करती है। एक अखबार का यही दायित्व सर्वोपरि होता है कि वह अपनी भूमि, अपने प्रदेश, अपने देश, अपने समाज व अपने लोगों की उन्न्ति के लिए अपने अनुभवों को सलाह के रूप में शासन-प्रशासन तक पहुंचाए। नईदुनिया ने यह भूमिका हर कालखंड में बखूबी निभाई है।

किसी भी प्रकाशन संस्थान के लिए निर्विवाद रूप से सात दशक की लंबी यात्रा तय करना महत्वपूर्ण बात है। अब प्रदेश का यह सहोदर अखबार इस वर्ष 05 जून को अपनी एक और वर्षगांठ मनाने जा रहा है। इस मंगल अवसर पर नईदुनिया को बहुत बधाई और मंगलकामना। आप इसी तरह मेरे प्यारे मध्य प्रदेश की मुखर-प्रखर आवाज बने रहें, जनता के सुख-दुख में शामिल रहें और शासन-प्रशासन को अमूल्य सलाह देते रहें।

मंगलकामनाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here