हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मोइसी की घर में घुसकर हत्या, कई सालों से राजनीतिक अस्थिरता से गुजर रहा है यह देश

0

हैती के राष्ट्रपति जोवेनल मोइसी के घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी गई। इस घटना में उनकी पत्नी को भी गंभीर चोटें आई हैं। खबरों के अनुसार बुधवार सुबह कुछ हमलावरों ने उनके घर में घुसकर इस घटना को अंजाम दिया। देश के अंतरिम प्रधानमंत्री क्लॉड जोसेफ ने कहा कि इस घटना से देश में राजनीतिक अस्थिरता बढ़ेगी। जबकि यह देश पहले से ही सामूहिक हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता का सामना कर रहा है। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि देश अब उनके हाथों में है और सेना सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

PM ने बताया, “कुछ अज्ञात लोग, जो स्पैनिशन और अंग्रेजी में बात कर रहे थे, उन्होंने राष्ट्रपति के निजी निवास पर लगभग 1 बजे हमला किया। इस हमले में राष्ट्रपति की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी भी घायल हुई हैं। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डिक्री के तहत शासन कर रहे थे मोइसी

साल 2018 में विधानसभा के चुनाव में देरी होने के बाद मोइसी ने अमेरिका के सबसे गरीब देश हैती पर डिक्री के जरिए शासन किया था। यहां चुनावों को लेकर कई तरह के विवाद चल रहे थे, जिसके बाद मोइसी ने अपना कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी शासन किया था। इसके बाद उन्हें भारी विरोध का सामना करना पड़ा था। देश की आबादी का एक हिस्सा उनके जनादेश को नाजायज मानता था। पिछले चार सालों में उन्होंने सात बार प्रधानमंत्रियों को बदला था। देश के मौजूदा प्रधानमंत्री जोसेफ भी तीन महीने पहले ही इस पद पर आए थे और अगले एक हफ्ते में उनका कार्यकाल समाप्त होने वाला था।

हैती में बढ़ रहे हैं अपराध

प्रॉकृतिक आपदा के कारण यहां गरीबी बहुत ज्यादा बढ़ गई थी, जिससे अपराध भी बढ़े। हाल ही में यहां फिरौती के लिए अपहरण की घटनाएं भी बढ़ी थी। इससे हथियारबंद गिरोहों का प्रभाव भी देश में बढ़ा है। कुछ दिन पहले राजधानी में एक मुख्य सड़क पर गोलीबारी में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में एक पत्रकार और एक राजनीतिक कार्यकर्ता भी शामिल थे। राष्ट्रीय पुलिस प्रमुख लियोन चार्ल्स ने बुधवार को बताया था कि यह गोलीबारी तब हुई जब कुछ घंटों पहले ही असंतुष्ट पुलिस अधिकारियों के एक समूह के प्रवक्ता की उसी इलाके में हत्या कर दी गई। इस समूह को फैंटम 509 के नाम से जाना जाता है। उन्होंने इस सामूहिक हत्या के लिए फैंटम 509 के सहयोगियों को जिम्मेदार ठहराया लेकिन कोई सबूत नहीं दिया।

सितंबर में बड़े बदलावों से गुजरने वाला था हैती

कोरोना महामारी के कारण यहां दो बार चुनाव टाले गए थे। इसके बाद इसी साल सितंबर में यहां संवैधानिक जनमत संग्रह होना था। यूनाइटेड स्टेट ने इस पर कहा है कि राष्ट्रपति की हत्या की घटना भयावह है और वो जांच में किसी भी तरह की मदद के लिए तैयार हैं। व्हाइय हाउस के प्रेस सेक्रेटरी ने बताया कि वो हैती की जनता और हैती के लोगों की हर तरह की मदद के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही राष्ट्रपति जो बिडेन को इस मामले के बारे में बताया जाएगा।

क्या है मामला

साल 2017 में एक बिजनेसमैन ने राजनीति में कदम रखा और एक नया देश बनाने के संदेश के साथ लोगों का समर्थन हासिल करने लगा। उसने बाकी उम्मीदवारों की तरह अपना कैंपेन किया और फरवरी 2017 में चुनाव जीतने के बाद भी कैंपेन जारी रखा। इसी दौरान मोइसी के राष्ट्रपति बनने पर विवाद हो गया। क्योंकि जिस चुनाव के आधार पर वो विजेता बने थे। उसे खारिज कर दिया गया और साल भर बाद हुए चुनाव में वो फिर से जीत गए। उन्होंने कहा कि उनका कार्यकाल फरवरी 2022 तक है, जबकि विपक्षियों ने कहा कि उनका कार्यकाल फरवरी 2021 में समाप्त हो चुका है।

2020 में बिगड़े हालात

साल 2020 में पार्लियामेंट न होने से मोइसी डिक्री के तहत शासन करने लगे और उनके प्रति असंतोष बढ़ गया। यहां का मौजूदा कानून 1987 में तानाशाह दुवालियर का शासन खत्म होने के बाद लिखा गया था, जिसके अनुसार जनमत संग्रह द्वारा संविधान को संशोधित करने के उद्देश्य से कोई भी लोकप्रिय परामर्श औपचारिक रूप से प्रतिबंधित है। इस दौरान कई आपदाओं के समय में मोइसी पर कुछ भी न करने के आरोप लगे। वहीं यूनाइटेड काउंसिल ने इस साल के अंत तक निष्पक्ष चुनाव कराने के निर्देश दिए थे।

हेनरी की नियुक्ति के बाद हुई हत्या

मोइसी ने हाल ही में न्यूरोसर्जन हेनरी को देश का नया प्रधानमंत्री बनाया था। हेनरी कोरोना के खिलाफ काम करने वाली टीम में थे और साल 2015 और 2016 में भी सरकार में रहे थे। मोइसी ने उन्हें देश में स्थिरता लाने और चुनाव संपन्न कराने की जिम्मेदारी दी थी। हेनरी विपक्षी पार्टियों के करीबी थे, लेकिन उनकी नियुक्ति से विपक्ष बिल्कुल खुश नहीं था। विपक्ष के नेता लगातार राष्ट्रपति से इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here