रबी फसल की बोवनी करने के लिए किसान खाद के लिए परेशान हो रहे हैं। बंडा के कांग्रेस विधायक तरवर सिंह लोधी ने सोमवार को बंडा क्षेत्र में खाद उपलब्ध कराए जाने की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने कलेक्टर दीपक आर्य से खाद दिलाए जाने की मांग की। इसके पहले उन्होंने बंडा स्थित खाद वितरण केंद्र पर पहुंचकर किसानों की समस्याएं सुनीं। वे यहां किसानों को संबोधित करते हुए भावुक हो गए। इस दौरान उनके आंसू निकल आए।
रोते हुए विधायक ने कहा कि सरकार हमारी बंडा विधानसभा क्षेत्र के साथ भेदभाव कर रही है। हमारे हक का खाद उपचुनाव होने वाले क्षेत्र पृथ्वीपुर, टीकमगढ़ भेजा जा रहा है। इससे हमारे क्षेत्र के किसानों को परेशान हो रहे हैं। विधायक के भावुक होने पर किसानों ने हौसला बढ़ाया और उनके समर्थन में नारेबाजी की। इसके बाद विधायक ने सागर आकर खाद की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन दिया।
गौरतलब है कि सागर जिले में इन दिनों खाद के लिए किसान बहुत परेशान हैं। इसके लेकर जगह-जगह चक्काजाम लगाए जाने की खबरें आ रही हैं। सोमवार को ही सागर शहर में तीन जगह इसकाे लेकर प्रदर्शन हुआ। बीना में भी डबल लॉक पर किसानों ने खाद से भरे ट्रक को रोक लिया था। यहां समझाने के लिए पुलिस को मशक्कत करना पड़ी। गढ़ाकोटा में पुलिस थाने से खाद बांटी जा रही है। वहीं कलेक्टर दीपक आर्य का कहना है कि खाद का स्टाक पर्याप्त है। मंगलवार से यह सहकारी समितियों के माध्यम से बांटी जाएगी।