चिलचिलाती गर्मी से राहत के आसार नहीं, इन राज्यों में 5 दिनों तक भीषण लू की चेतावनी

0

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में चिलचिलाती गर्मी और लू का असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 5 दिनों तक गर्मी से राहत के आसार भी नहीं हैं। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। IMD का अनुमान है कि अगले 5 दिनों तक पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भारत के राज्यों में भीषण गर्मी और लू की स्थिति जारी रहेगी। विदर्भ, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी कमोबेश मौसम ऐसा ही रहेगा। वहीं 27 से 30 अप्रैल तक यूपी, झारखंड, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा के अंदरुनी हिस्सों में गर्मी का भारी प्रकोप रहेगा।

वैसे, अफगानिस्तान के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ के कारण आंशिक रूप से बादल छाए रहने से उत्तर पश्चिम भारत में लू से थोड़ी राहत मिली है। लेकिन फिर से जबरदस्त लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 28 अप्रैल से लू के लिये येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पहले भी अनुमान जताया था कि उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत के आसपास के हिस्सों में अप्रैल में अधिक तेज और लगातार लू की स्थिति देखे जाने की संभावना है।

राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में तापमान में वृद्धि और लू चलने से आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में तापमान 43 से 45 डिग्री तक रहा। आगामी 24 घंटे में राज्य में तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस और बढ़ोतरी होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। वहीं, अगले एक हफ्ते में तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

वहीं असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर आदि पूर्वोत्तर के राज्यों में 28 अप्रैल के बाद मौसम बदल सकता है और अगले 2-3 दिनों में बारिश की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here