इंदौर के पास भेरू घाट पर ट्रकों में भिड़ंत, आग लगने से दोनों के क्लीनर जिंदा जले

0

इंदौर के पास भेरू घाट पर गुरुवार रात फिर हादसा हुआ। दो ट्रकों की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। टकराने के बाद ट्रक पलट गए। दोनों ट्रकों के चालक तो कूद गए लेकिन क्लीनर जिंदा जल गए, जिससे दोनों की मौत हो गई। भेरू घाट पर आठ दिन में तीसरा हादसा है। एक हादसे में तो बगैर फिटनेस चल रही बस में तो छह लोगों की मौत हो गई थी।

एसपी (ग्रामीण) भगवतसिंह बिरदे के मुताबिक घटना रात लगभग दो बजे बाबा ढाबे के सामने की है। ट्रक (आरजे 11जीबी 1401) इंदौर से खंडवा की तरफ जा रहा था। भेरू घाट पर ट्रक के ब्रेक फेल हो गए और वह केले लेकर बुरहानपुर से इंदौर की तरफ आ रहे ट्रक (आरजे 09जीबी 9776) से भिड़ गया। दोनों ट्रकों के चालक संजू और धर्मेंद्र तो स्टीयरिंग छोड़कर कूद गए लेकिन क्लीनर सोते रह गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रकों में आग लग गई। दोनों के क्लीनर जिंदा जल गए। एसआइ सुरेश ठाकुर के मुताबिक इंदौर से जा रहे ट्रक में सचिन पुत्र दिनेश माकोड़े निवासी अकोला (महाराष्ट्र) और केले भरकर इंदौर आ रहे ट्रक में लोकेंद्र पुत्र राजेंद्र तोमर निवासी धोलपुर क्लीनर था।

आग बुझाते ही कैबिन से कंकाल निकले – घटना के बाद भेरू घाट पर जाम की स्थिति बन गई। ग्रामीण और सिमरोल पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों ट्रक टकराने के बाद पलट गए थे। पलटते ही दोनों के कैबिन में आग लग गई। पुलिस के मुताबिक उस वक्त क्लीनर सो रहे थे, इसलिए भागने का मौका नहीं मिला। महू से फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची लेकिन तब तक क्लीनर जल कर मर गए। फायरकर्मी आग बुझाकर कैबिन में घुसे लेकिन क्लीनर के कंकाल ही बाहर निकले। भेरू घाट पर आठ दिन में तीसरा हादसा है। 23 जून को गुरुकृपा ट्रैवल्स की बस भी पलट गई थी। उसमें छह लोगों की मौत हो गई थी। इसके दूसरे दिन मालवीय ट्रैवल्स की बस पलटी जिसमें छह लोग घायल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here