काव्या मारन और म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर की शादी की खबर चर्चा में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 21 नवंबर को चेन्नई में रिसेप्शन होगा। जानें कौन हैं अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन।स्पोर्ट्स डेस्क,नई दिल्ली। आईपीएल (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को अपनी मुस्कान और जोश से चेयर करने वाली टीम की सीईओ काव्या मारन जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं। काव्या मारन का दिल साउथ और हिंदी सिनेमा के मशहूर म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर पर आया है। दोनों की शादी के रिसेप्शन के न्योते भी बांटे जाने शुरू हो चुके हैं। काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर के विवाह की खबर तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सामने आई।
सन ग्रुप के चेयरमैन कलानिधि मारन और उनकी पत्नी कावेरी मारन ने हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित मुख्यमंत्री आवास पर जाकर सीएम रेवंत रेड्डी से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें शादी के रिसेप्शन में आमंत्रित किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक काव्या और अनिरुद्ध की शादी का रिसेप्शन 21 नवंबर को चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। हालांकि, शादी की तारीख और समारोह की पूरी जानकारी अलग से आधिकारिक रूप से घोषित नहीं की गई है।कौन हैं होने वाले दूल्हे अनिरुद्ध रविचंदर?
अनिरुद्ध रविचंदर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने मशहूर म्यूजिक कंपोजर्स, प्लेबैक सिंगर और म्यूजिक प्रोड्यूसर हैं। साल 2012 में आई फिल्म ‘3’ के वायरल सॉन्ग ‘Why This Kolaveri Di’ से अनिरुद्ध को रातों-रात अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी। इसके बाद उन्होंने कथ्थी, मास्टर, विक्रम, जेलर, लियो और शाहरुख खान की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ जैसी फिल्मों में सुपरहिट संगीत दिया।सुपरस्टार रजनीकांत से खास कनेक्शन
अनिरुद्ध रविचंदर का सिनेमा जगत के दिग्गज सुपरस्टार रजनीकांत से बेहद नजदीकी पारिवारिक रिश्ता है। अनिरुद्ध के पिता रवि राघवेंद्र साउथ के जाने-माने अभिनेता हैं। रजनीकांत की पत्नी लता रजनीकांत, अनिरुद्ध के पिता रवि राघवेंद्र की सगी बहन हैं। इस रिश्ते से लता रजनीकांत, अनिरुद्ध की बुआ हैं और सुपरस्टार रजनीकांत उनके फूफा लगते हैं।
कौन हैं काव्या मारन?
काव्या मारन मीडिया और बिजनेस जगत के प्रमुख मारन परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह सन नेटवर्क (Sun Group) के चेयरमैन कलानिधि मारन और कावेरी मारन की बेटी हैं। काव्या आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की सीईओ (CEO) हैं। आईपीएल ऑक्शन और मैच के दौरान स्टेडियम में अपनी मौजूदगी के चलते वह अक्सर सोशल मीडिया पर छाई रहती हैं।










































