देश के दूसरे सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी की रिलायंस रिटेल जर्मनी की रिटेल कंपनी मेट्रो कैश एंड कैरी के भारतीय कारोबार को 50 करोड़ यूरो (4,060 करोड़ रुपए) में खरीद सकती है। सूत्रों के मुताबिक इस डील में कंपनी के 31 होलसेल डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर, जमीन और मेट्रो कैश एंड कैरी के मालिकाना हक वाली अन्य संपत्तियां शामिल हैं। रिलायंस रिटेल देश की सबसे बड़ी रिटेल कंपनी है और इस डील से उसे बी2बी श्रेणी में अपनी मौजूदगी बढ़ाने में मदद मिलेगी। सूत्रों ने बताया कि मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज और मेट्रो के बीच पिछले कुछ महीनों से चर्चा चल रही थी और पिछले सप्ताह जर्मनी की कंपनी रिलायंस रिटेल के प्रस्ताव पर तैयार हो गई। मेट्रो और रिलायंस इंडस्ट्रीज दोनों ने फिलहाल इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। मेट्रो कैश एंड कैरी अभी भारत में मेट्रो होलसेल ब्रांड के तहत 31 स्टोर का संचालन कर रही है। कंपनी ने इस तरह के आरोपों का पूरी तरह से खंडन किया है। मेट्रो एजी ने वर्ष 2003 में भारतीय बाजार में प्रवेश किया था लेकिन अब वह भारतीय बाजार से निकलने की तैयारी में है।











































