अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित शहडोल संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस ने पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल मार्को को लोकसभा का प्रत्याशी बनाया है। विधानसभा में जीत की हैट्रिक लगाने वाले फुंदेलाल अब लोकसभा में मोदी मैजिक का सामना करने भाजपा प्रत्याशी सांसद हिमांद्री सिंह के खिलाफ चुनावी समर में हैं। शुक्रवार को फुंदेलाल ने नामांकन दाखिल किया।
मतदान के 25 दिन पहले कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा कर पाई, जबकि भाजपा एक माह से चुनाव प्रचार में जुटी है। इधर, कांग्रेस में चल रही गुटबाजी व कार्यकर्ताओं में निराशा का फायदा भाजपा उठा रही है।वहीं होली बाद भाजपा के दिग्गज नेताओं का शहडोल संसदीय क्षेत्र दौरा तय माना जा रहा है।
27 मार्च को भाजपा प्रत्याशी हिमाद्री सिंह की नामांकन रैली में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मौजूद रहेंगे। भाजपा ने आइटी सेल को सक्रिय कर दिया है।दोनों पार्टियों की नजर आदिवासी वोटबैंक पर है,लेकिन कांग्रेस में अभी तक बिखराव दिख रहा है,जिसके चलते कांग्रेस प्रत्यासी फुंदेलाल की राह आसान नहीं लग रही है।
अब मतदान के 23 शेष बचे हैं और अभी तक कांग्रेस के किसी ऐसे नेता का संसदीय क्षेत्र में दौरा व कार्यक्रम नहीं हुआ है,जिससे कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश पैदा हो सके। जबकि भाजपा में एक महीने से पार्टी के दिग्गजों का दौरा हो रहा है और कार्यकर्ताओं को हर बूथ तक पहुंचने की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है।
साथ ही आम मतदाता में जो मोदी का प्रभाव समाया है, उससे निपटने कांग्रेस की अभी तक कोई योजना नहीं दिख रही है।ऐसे में फुंदेलाल मोदी मैजिक से कैसे निपट पाएंगे।यह सवाल कांग्रेस के समर्थकों में खटक रहा है।वहीं भाजपा प्रत्याशी हिमांद्री सिंह के ऊपर मोदी मैजिक इतना हावी है कि वे अपने को जीता मानकर ही चल रही है।व
प्रचार पर निकल रही हैं,लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं से उनका जुड़ाव उस तरह अभी भी नहीं है,जो चुनाव के समय होना चाहिए।कार्यकर्ता मोदी और कमल के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन उनके मन में कहीं न कहीं यह टीस तो है कि सांसद प्रत्याशी चुनाव के समय भी उनको नहीं पूछ रहा है।इस टीस का फायदा कांग्रेस चाहे तो ले सकती है,लेकिन वहां तो और बहुत बड़ा गड्ढा है।इस तरह की स्थिति में मतदाता चाह कर भी अपने मन की नहीं कर सकता,क्योंकि उनके पास अभी तक मजबूत विकल्प ही नहीं है।
मोदी लहर में भी पुष्पराजगढ़ से बने विधायक
शहडोल संसदीय क्षेत्र के अनूपपुर जिले की सबसे बड़ी विधानसभा पुष्पराजगढ़ जो अमरकंटक की गोद पर बसा हुआ है। पूरी तरह से आदिवासी बहुल क्षेत्र है।मोदी मैजिक या लहर में भी यहां से तीसरी बार विधानसभा चुनाव में फुंदेलाल ने बाजी मारी है।फुंदेलाल सिंह मार्को लगातार तीन विधानसभा चुनाव में हैट्रिक लगाकर जीत दर्ज करने वाले इस विधानसभा क्षेत्र से पहले विधायक हो गए हैं।
अभी तक के रिकार्ड अनुसार यहां से कोई भी तीसरी बार विधायक चुनकर नहीं आया है।2023 के चुनाव में फुंदेलाल सिंह मार्को को 68020 मत प्राप्त हुए जबकि भाजपा प्रत्याशी हीरा सिंह श्याम को 63534 मत हासिल हुए थे।कांग्रेस प्रत्याशी ने अपने प्रतिद्वंद्वी से 4486 मत अधिक प्राप्त करके कड़े मुकाबले में विजय प्राप्त की थी।
फुंदेलाल का पुष्पराजगढ़ के आदिवासियों में प्रभाव है,लेकिन पूरे संसदीय क्षेत्र में उनका प्रभाव चलेगा कि नहीं यह चुनाव परिणाम आने के बाद स्पष्ट होगा।मोदी मैजिक के सहारे दूसरी बार लगातार लोकसभा का चुनाव लड़ रही हिमांद्री पिछले चुनाव में चार लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज की थी,लेकिन इस बार उनके गृहग्राम के फुंदेलाल मैदान में है तो उन्हें चुनौती भी मिल सकती है। लोगों के अनुसार पांच साल में हिमाद्री ने अपने गृहग्राम में कुछ उल्लेखनीय काम नहीं किया है।










































