वैश्विक संघर्षों और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा की चिंताओं के बीच दुनिया की तीन बड़ी ताकतों के प्रमुखों की इस मुलाकात पर सबकी नजरें टिकी हैं, जिसमें यूक्रेन संघर्ष, ईरान युद्ध, परमाणु हथियारों में कटौती और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
APEC Summit 2026 Live Updates: चीन के शेनझेन में चल रहे एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान गुरुवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच पहली ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक होने जा रही है। वैश्विक संघर्षों और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा की चिंताओं के बीच दुनिया की तीन बड़ी ताकतों के प्रमुखों की इस मुलाकात पर सबकी नजरें टिकी हैं, जिसमें यूक्रेन संघर्ष, ईरान युद्ध, परमाणु हथियारों में कटौती और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। आपको बता रहे हैं इस खबर पर हर अपडेट –
जिनपिंग ने एपीईसी देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए दो करोड़ डॉलर देने की घोषणा की
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बृहस्पतिवार को एशिया-प्रशांत क्षेत्र के देशों के बीच व्यावहारिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए दो करोड़ अमेरिकी डॉलर की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र के देशों के बीच अनुसंधान और आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने के लिए एक केंद्र स्थापित करने की भी घोषणा की। शी ने चीन के प्रौद्योगिकी केंद्र शेनझेन में 21 सदस्यीय एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपीईसी) के आर्थिक नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि चीन की जड़ें एशिया-प्रशांत क्षेत्र में हैं और वह इस क्षेत्रीय सहयोग का समर्थन जारी रखेगा। उन्होंने कहा, मैं एपीईसी के व्यावहारिक सहयोग को समर्थन देने के लिए चीन की ओर से दो करोड़ अमेरिकी डॉलर देने की घोषणा करता हूं। शी ने कहा कि शेनझेन में एशिया-प्रशांत समुदाय अध्ययन केंद्र स्थापित किया जाएगा, जो नीतिगत अनुसंधान और विभिन्न देशों के बीच विचारों के आदान-प्रदान के साथ-साथ बौद्धिक सहयोग को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सहयोग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चीन डिजिटल प्रौद्योगिकी, सीमापार डेटा प्रवाह, स्वच्छ ऊर्जा और लघु एवं मध्यम उद्यमों (एसएमई) के विकास जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए संस्थान स्थापित करेगा।
पुतिन और डोनाल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय वार्ता
शेनझेन, चीन: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 33वें एपेक आर्थिक नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान द्विपक्षीय वार्ता की।
ट्रंप बोले- ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक का इंतजार
ट्रंप ने कहा, मैं आज राष्ट्रपति शी और राष्ट्रपति पुतिन के साथ होने वाली ऐतिहासिक त्रिपक्षीय बैठक का इंतजार कर रहा हूं, जिसमें तीनों के लिए और अधिक अवसरों पर चर्चा की जाएगी। अमेरिकी अर्थव्यवस्था अभूतपूर्व गति से बढ़ रही है – किसी भी अन्य प्रमुख विकसित देश की तुलना में कहीं अधिक तेजी से। इस वर्ष नए उपकरणों में निवेश में अविश्वसनीय रूप से 21% की वृद्धि हुई है जो एक रिकॉर्ड है। और निर्यात अमेरिकी इतिहास में उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिका को सुपर इंटेलिजेंस में विश्व का अग्रणी होने पर भी गर्व है। हम किसी भी प्रकार के वैश्वीकरणवादी नियमन या खुफिया जानकारी को नियंत्रित या दबाने के किसी भी प्रयास का विरोध करते हैं और हम ऐसा होने नहीं देंगे।
जिनपिंग ने एयरपोर्ट पर ट्रंप का गले लगाकर किया स्वागत
ट्रंप बुधवार को मनीला से शेनझेन पहुंचे, जहां शी जिनपिंग ने कूटनीतिक प्रोटोकॉल से हटकर खुद एयरपोर्ट पर पहुंचकर उनका स्वागत किया और उन्हें गले लगाया। रिपोर्ट के मुताबिक, करीब सात दशक पहले माओ त्से तुंग द्वारा सोवियत नेता निकिता ख्रुश्चेव के स्वागत के बाद यह पहला मौका है जब किसी चीनी नेता ने किसी राष्ट्राध्यक्ष की अगवानी के लिए एयरपोर्ट जाकर ऐसा किया। इसे सितंबर में शी जिनपिंग की वाशिंगटन यात्रा के दौरान ट्रंप द्वारा दिए गए स्वागत के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। दोनों नेताओं ने करीब 20 मिनट बातचीत की और चीनी J-10C लड़ाकू विमानों का स्वागत प्रदर्शन भी देखा। इससे पहले पुतिन के शेनझेन पहुंचने पर शी के करीबी सहयोगी काई ची ने उनका स्वागत किया था, जिसे भी चीनी अधिकारियों ने एक दुर्लभ कदम बताया। वहीं, शिखर सम्मेलन के गाला डिनर में तीनों नेता हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते भी नजर आए।
क्या-क्या हो सकता है एजेंडे में?
रिपोर्ट के अनुसार, त्रिपक्षीय चर्चा में यूक्रेन संघर्ष और ईरान युद्ध के अलावा परमाणु हथियारों में कमी का मुद्दा अहम रह सकता है, खासकर फरवरी में अमेरिका और रूस के बीच New START संधि समाप्त होने के बाद। व्हाइट हाउस ने कहा है कि ट्रंप परमाणु हथियार कम करने पर चर्चा करना चाहते हैं, हालांकि चीन ने अमेरिका और रूस के मुकाबले अपने छोटे परमाणु शस्त्रागार का हवाला देते हुए त्रिपक्षीय परमाणु हथियार नियंत्रण को लेकर खास उत्साह नहीं दिखाया है। बातचीत में परमाणु शस्त्रागार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल को नियंत्रित करने को लेकर संभावित प्रतिबद्धताओं पर भी बात हो सकती है। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने इसे ‘युग-परिवर्तक महत्व’ वाली बैठक बताया, जबकि क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव के हवाले से कहा गया कि अगले महीने मियामी में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन के लिए पुतिन को मिले निमंत्रण पर भी शेनझेन में ट्रंप से बात हो सकती है।
सकारात्मक नतीजों को लेकर क्या कह रहे विश्लेषक?
भले ही तीनों देशों ने एजेंडे और प्रोटोकॉल को अंतिम रूप देने के लिए हफ्तों चर्चा की हो, लेकिन पर्यवेक्षकों का मानना है कि यह पहली त्रिपक्षीय बैठक ठोस नतीजों के बजाय प्रतीकात्मक रूप से अधिक अहम हो सकती है। चीन ने वैश्विक मामलों में महाशक्तियों के सह-शासन के विचार को भी बार-बार खारिज किया है।










































