भोपाल। खजूरी सड़क इलाके में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपित पीड़िता की मां का परिचित था और उसका पीड़िता के घर भी आना-जाना था। आरोपित ने पीड़िता को नूडल्स खिलाने के बहाने घर से ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
खजूरी सड़क पुलिस के अनुसार 16 वर्षीय किशोरी अपनी मां के साथ बैरागढ़ में रहती है। आरोपित कमलेश यादव निजी काम करता है। वह पीड़िता की मां का पहचान का है, उसका पीड़िता के घर पर भी आना-जाना था। एक नवंबर 2020 को आरोपित नूडल्स खिलाने किशोरी को लेकर गया था, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया था। बाद में आरोपित ने उसे धमकी भी दी थी। अगर वह किसी को यह बात बताई तो वह उसकी छोटी बहन को जान से मार देगा। आरोपित ने फिर से उसके साथ ऐसी ही हरकत करने की कोशिश की तो उसने पुलिस में शिकायत कर दी। फिलहाल आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
कोलार में युवक ने लगाई फांसी
उधर, कोलार के कुम्हार मोहल्ला में रविवार रात युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस की शुरूआती जांच में परिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। कोलार थाने के एएसआइ प्रीतम सिंह अहिरवार के अनुसार माधो तायड़े (34) कुम्हार मोहल्ला दामखेड़ा में रहता था। उसकी शादी करीब 12 साल पूर्व हुई थी। माली का काम करने वाले माधो की दस साल की बेटी भी है। रविवार को उसका अपने घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पत्नी घर से बाहर चली गई थी। पत्नी के घर से जाते ही माधो ने फांसी लगाकर जान दे दी। इधर, खजूरी सड़क इलाके में ग्राम मुगालिया छाप में रहने वाले प्रीतम मीना (40) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।