BSNL ने अपने ग्राहकों के लिए खास BSNL Pay लॉन्च किया है। ये फीचर आपको BSNL की ऑफिशियल Selfcare App में मिलेगा। अभी तक BSNL के ग्राहकों को अपने नंबर रिचार्ज कराने के लिए Selfcare App से थर्ड पार्टी पेमेंट ऐप पर रिडायरेक्ट होना पड़ता था। इस झंझट को खत्म करते हुए BSNL ने BHIM और UPI इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ हाथ मिलाकर BSNL Pay पेश किया है। इसकी मदद से अब आप बिना किसी थर्ड पार्टी पेमेंट ऐप पर जाए सीधा BSNL Selfcare ऐप से ही अपने रिचार्ज और बिल पेमेंट पूरा कर सकेंगे।
PhonePe या Google Pay की तरह BSNL Pay कोई अलग ऐप नहीं है। इसे आप BSNL Selfcare ऐप में ही एक्सेस कर पाएंगे। बता दें कि BSNL सेल्फ केयर ऐप BSNL यूजर्स के लिए उपलब्ध ऑफिशियल ऐप है। रिपोर्ट्स के मुताबिक BSNL Pay को नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा के सहयोग से तैयार किया गया है। ऐसे में BSNL Pay की मदद से रिचार्ज या पेमेंट सेल्फकेयर ऐप में रहते हुए ही पूरे किए जा सकते हैं।













































