गोल्ड-सिल्वर में लगातार गिरावट जारी है। अब तक गोल्ड के दाम टॉप से 27 फीसदी और सिल्वर के 61 फीसदी नीचे आ गए हैं। निवेशकों को अब गोल्ड सिल्वर में क्या करना चाहिए, जानें क्या है एक्सपर्ट की राय?
Gold-Silver Price Target : 2025-26 में सोना और चांदी में आई ऐतिहासिक तेजी के बाद भारी गिरावट का दौर है। इसने उन तमाम निवेशकों को असमंजस में डाल दिया है, जिन्हें सोने के गहने या सोना खरीदना है। इसके अलावा वे लोग भी फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं, जिन्होंने गोल्ड-सिल्वर में इसके टॉप पर उसके बाद आई हल्की गिरावट के बाद निवेश किया।
साल 2026 की शुरुआत में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद दोनों कीमती धातुओं के भाव जमीन पर आ गए हैं। 18 नवंबर को सुबह के कारोबार में MCX पर सोना अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 27% और चांदी लगभग 61% नीचे आ चुकी थी। सवाल है कि क्या इतनी बड़ी गिरावट के बाद गोल्ड-सिल्वर खरीदने का सही मौका आ गया है या अभी और कीमतें टूट सकती हैं?
सोना ₹49,000 और चांदी ₹2.55 लाख से ज्यादा सस्ती
केडिया एडवाइजरी के अजय केडिया के मुताबिक MCX के दिसंबर फ्यूचर कॉन्ट्रैक्ट में 18 नवंबर को सुबह 10:32 बजे के आसपास सोना करीब 1,31,818 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इस साल सोने ने 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड हाई बनाया था। इस लिहाज से सोना अपने शिखर से करीब 48,961 रुपये यानी 27.1% टूट चुका है।
चांदी की हालत इससे भी ज्यादा खराब है। MCX पर चांदी का दिसंबर वायदा करीब 1,64,879 रुपये प्रति किलो पर था, जबकि इस साल इसका रिकॉर्ड हाई 4,20,048 रुपये प्रति किलो रहा है। यानी चांदी अपने शिखर से करीब 2,55,169 रुपये यानी 60.7% फिसल चुकी है।
डॉलर की मजबूती और फेड की सख्ती ने बिगाड़ा खेल
केडिया के मुताबिक सोने-चांदी में इस भारी गिरावट के पीछे कई वैश्विक कारण हैं। अमेरिकी डॉलर में मजबूती, बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका ने बुलियन बाजार पर दबाव बनाया है। आमतौर पर ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद से सोने-चांदी की आकर्षकता कम होती है, क्योंकि इनसे निवेशकों को कोई नियमित ब्याज नहीं मिलता। इसके अलावा जियो-पॉलिटिकल तनाव और कच्चे तेल की कीमतों से जुड़ी महंगाई की चिंताओं ने भी निवेशकों की रणनीति प्रभावित की है। तेजी के बाद हुई मुनाफावसूली ने गिरावट को और तेज किया है।
रिकवरी आई तो कितना भागेंगे गोल्ड-सिल्वर?
Kedia Advisory की रिपोर्ट के मुताबिक, 1980 से अब तक चांदी में 50% या उससे ज्यादा की गिरावट 7 बार आ चुकी है। इनमें से 6 बार चांदी गिरावट से पूरी तरह उबर चुकी है। चांदी का मीडियन करेक्शन 69.8% रहा। दिलचस्प बात यह है कि इन गिरावटों के बाद निचले स्तर से अगली तेजी का मीडियन 345.9% रहा।
वहीं, सोने में 1980 के बाद 25% या उससे ज्यादा की गिरावट 11 बार दर्ज हुई है। इनमें 10 पुराने गिरावट चक्र पूरे हो चुके हैं। इनका मीडियन करेक्शन 37.4% रहा और निचले स्तर से अगली तेजी का मीडियन 76.4% दर्ज किया गया।
मोटे तौर पर इससे यह पता चलता है कि जब चांदी करेक्शन फेज में जाती है, तो 70% तक लुढ़कती और सोना करीब 37 फीसदी तक नीचे चला जाता है। इसके बाद जब इनमें तेजी का फेज आता है, तो चांदी 345 फीसदी तक उछल जाती है। वहीं, सोना 76 फीसदी तक ऊपर चला जाता है।
अभीखरीदें या इंतजार करें?
अजय केडिया की सलाह है कि खरीदारी का फैसला इस बात पर होना चाहिए कि सोना-चांदी गहनों के लिए खरीद रहे हैं या निवेश के लिए। शादी के लिए गहने खरीदने की जरूरत है, तो बॉटम पकड़ने का इंतजार करने के बजाय मौजूदा गिरावट में चरणबद्ध खरीदारी की जा सकती है। एक साथ पूरी रकम लगाने के बजाय अलग-अलग स्तरों पर खरीदारी करना बेहतर रणनीति हो सकती है। इसी तरह निवेशकों के लिए भी पोर्टफोलियो में कीमती धातुओं की हिस्सेदारी 15-20% तक रखने की सलाह दी गई है। यह हिस्सा निवेशक की जोखिम क्षमता और वित्तीय लक्ष्यों पर निर्भर करेगा।
क्या और नीचे जाएगी कीमत?
केडिया के मुताबिक, MCX पर सोने के लिए 1,30,000 रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर अहम संभावित सपोर्ट और खरीदारी का जोन बन सकता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में 3,680-3,700 डॉलर प्रति औंस का दायरा भी अहम रहेगा। वहीं, चांदी के लिए 1,60,000 रुपये प्रति किलो का स्तर अहम खरीदारी का जोन हो सकता है। इसका मतलब है कि मौजूदा भाव से दोनों धातुओं में कुछ और गिरावट की गुंजाइश बनी हुई है।
पुराने निवेशक क्या करें?
केडिया का कहना है कि जिन निवेशकों ने पिछले 1-2 साल में ऊंचे भाव पर गोल्ड और सिल्वर खरीदे हैं, उन्हें घबराहट में बिकवाली से बचने की सलाह दी गई है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WCG) के मुताबिक, 2026 की तीसरी तिमाही में केंद्रीय बैंकों ने 321 टन सोना खरीदा, जबकि गोल्ड ETF में 211 टन का निवेश आया। दूसरी ओर, सिल्वर इंस्टीट्यूट ने 2026 में वैश्विक चांदी बाजार में 35 मिलियन औंस की आपूर्ति कमी का अनुमान लगाया है।
ये आंकड़े बताते हैं कि लंबी अवधि में कीमती धातुओं की मांग को सहारा देने वाले कारक अभी मौजूद हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक, निवेशकों को 12-18 महीने का नजरिया रखना चाहिए, किस्तों में खरीदारी करनी चाहिए और लीवरेज से बचना चाहिए। मौजूदा गिरावट लंबी अवधि के निवेशकों के लिए अवसर बन सकती है, लेकिन निकट अवधि में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।










































