तेहरान: डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका को होर्मुज स्ट्रेट का संरक्षक बताने और इसे किसी भी कीमत पर खोलने के बयान पर ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ईरानी सेना ने कहा है कि अगर अमेरिका को लगता है कि वह ‘आक्रामकता’ से होर्मुज को खोल सकता है तो उसे समझना चाहिए कि ऐसा कभी नहीं होगा। ईरान ने साफ किया है कि होर्मुज से यातायात को वह नियंत्रित करेगा और किसी बाहर शक्ति को इसमें दखल की इजाजत नहीं दी जाएगी। ईरान की ओर से होर्मुज के बंद करने का ऐलान किया गया है।
तस्नीम समाचार एजेंसी के अनुसार, ईरानी सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमिनिया ने मंगलवार को अपने बयान में कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को अमेरिकी आक्रामकता के जरिए नहीं खोला जाएगा। हम इस समुद्री जलमार्ग के मामले में अपनी शर्तों से कतई पीछे नहीं हटेंगे। होर्मुज को खोलने का एकमात्र तरीका ईरानी लोगों के अधिकारों का सम्मान करना है।
ईरानी हितों की रक्षा करते रहेंगे: अकरमिनिया
तेहरान में ब्रिगेडियर जनरल मोहम्मद अकरमिनिया ने कहा कि ईरानी सशस्त्र बल देश के हितों की रक्षा करना जारी रखेंगे और रणनीतिक जलमार्ग (होर्मुज) में ईरान के अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि ईरान की प्रस्तावित व्यवस्थाओं को स्वीकार करने के बावजूद बाद में अमेरिका ने होर्मुज में एक वैकल्पिक मार्ग बनाने की कोशिश की, जिससे चीजें बिगड़ी हैं।










































