वॉशिंगटन: डोनाल्ड ट्रंप की नए सिरे से हमलों की धमकी पर ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ईरान ने कहा है कि उसकी जमीन को अमेरिका या इजरायल ने निशाना बनाया तो फिर युद्ध सैन्य ठिकानों पर हमलों से आगे बढ़ जाएगा। ईरान ने धमकी दी कि वह हमलों के जवाब में पश्चिम एशिया में अहम एनर्जी इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाएगा। डोनाल्ड ट्रंप के ईरान खिलाफ सैन्य ऑपरेशन बढ़ाने से जुड़ी रिपोर्ट पर तेहरान से ये जवाब आया है।
तेहरान की सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने एक सीनियर सिक्योरिटी अधिकारी ने ईरान के इंफ्रास्ट्रक्चर पर अमेरिका और इजरायल के संभावित हमलों की खबरों को ‘पागलपन’ बताया है। अधिकारी ने कहा कि तेहरान ने बड़े पैमाने पर जवाबी कार्रवाई की योजना तैयार कर ली है। हम किसी भी हमले का जवाब इजरायल के अहम इंफ्रास्ट्रक्चर और पूरे इलाके में अमेरिकी एनर्जी एसेट पर अटैक से दिया जाएगा।
पूरे इलाके में फैल जाएगा संघर्ष
ईरानी अधिकारी ने कहा है कि अमेरिका और इजरायल, दोनों ये जानते हैं कि तेहरान के पास ऐसे ऑपरेशन करने की क्षमता और इच्छाशक्ति दोनों हैं, जो पूरे इलाके में तबाही मचा सकते हैं। ईरानी अधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि उनके ऊपर कोई भी हमला पूरे क्षेत्र को एक भीषण संघर्ष में धकेल देगा। ऐसे में ट्रंप ईरान पर हमले से बचें।
इस नई तनातनी की वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ताजा बयान है। उन्होंने कहा है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तब तक जारी रखेगा, जब तक तेहरान अमेरिका के लिए खतरा बना रहेगा या परमाणु हथियार विकसित करने की स्थिति में रहेगा। वाइट हाउस ने भी कहा है कि ट्रंप की ओर से ईरान पर बड़े हमले की इजाजत दी सकती है।










































