भारत के सबसे फेमस मनोरंजन प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने गुरुवार को अपनी प्राइम ओरिजिनल सीरीज ‘सपने वर्सेस एवरीवन’ के दूसरे सीजन का दमदार ट्रेलर जारी किया है। यह ट्रेलर मुंबई के फिल्म इंडस्ट्री और रियल एस्टेट जगत में पनप रही इच्छा, बदला और पहचान की एक कहानी की झलक पेश करता है। अंबरीश वर्मा की लिखित और निर्देशित और विजय कोशी के ‘द वायरल फीवर’ बैनर के तहत बनाई पांच एपिसोड की इस सीरीज में अंबरीश वर्मा, परमवीर सिंह चीमा और विजयंत कोहली लीड रोल्स में हैं, साथ ही अभिषेक चौहान, निधि शाह और खुशाली कुमार भी अहम रोल्स में नजर आएंगे।
यह सीरीज 1 मई को भारत और दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में हिंदी में प्राइम वीडियो पर प्रसारित होगी। नए सीजन का ट्रेलर दर्शकों को पहले सीजन के पलों की याद दिलाता है और फिर सीधे आगे आने वाले उथल-पुथल भरे सीन में ले जाता है। मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री और रियल एस्टेट की दुनिया के उतार-चढ़ाव भरे माहौल में फिल्माया गया यह तेज-तर्रार ट्रेलर दिखाता है कि कैसे हर फैसला पावरफुल कॉन्टैक्ट, भारी रकम और सत्ता संघर्ष की कीमत पर लिया जाता है।
‘सपने वर्सेस एवरीवन 2’ का ट्रेलर
यह प्रशांत (परमवीर सिंह चीमा) के फिल्म इंडस्ट्री में अथक संघर्ष और जिमी (अंबरीश वर्मा) के रियल एस्टेट और राजनीति की दुनिया में आगे बढ़ने की कहानी है, जहां सत्ता, महत्वाकांक्षा और कंट्रोल का बोलबाला है। जैसे-जैसे पुराने घाव फिर से उभरते हैं, उनकी यात्रा बदला और जोखिम भरे फैसलों से भरी होती जाती है। ट्रेलर जैसे-जैसे तनाव भरे मोड़ की ओर बढ़ता है, यह दर्शकों के मन में एक सवाल छोड़ जाता है: ऐसी दुनिया में जहां सपने आसानी से पूरे नहीं होते और हर असफलता से उबरकर हासिल किए जाते हैं, उन्हें पाने के लिए आप कितनी दूर तक जाने को तैयार हैं? क्या प्रशांत को आखिरकार वह बड़ा मौका मिलेगा, क्या जिमी पुराने हिसाब चुकता करेगा?










































