Iran US Conflict: अमेरिका के साथ पाकिस्तान में दूसरे चरण की वार्ता की उम्मीदों के चलते ईरान ने एक बार फिर कमर्शियत उड़ानों का संचालन शुरू कर दिया है। तेहरान के इमाम खुमैनी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शनिवार को करीब दो माह के अंतराल के बाद कमर्शियल उड़ान सेवाएं शुरू हो गईं। अमेरिका और इजरायल के साथ 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध के बाद से यहां उड़ान संचालन बंद था।
ईरान के सरकारी टेलीविजन के अनुसार, एयरपोर्ट से तुर्किए के इस्तांबुल, ओमान की राजधानी मस्कट और सऊदी अरब के मदीना के लिए उड़ानें संचालित की जा रही हैं। फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म फ्लाइटराडार24 के मुताबिक, शनिवार सुबह इस्तांबुल जाने वाली कम से कम तीन उड़ानें रवाना हुईं।
ईरान ने खोला अपना एयरस्पेस
इस महीने की शुरुआत में अमेरिका के साथ युद्धविराम लागू होने के बाद ईरान ने अपने एयरस्पेस को आंशिक रूप से फिर से खोल दिया था।
अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की बातचीत के लिए पाकिस्तान के इस्लामाबाद में मंच तैयार है। अब सिर्फ दोनों देशों के प्रतिनिधियों का आना बाकी है, लेकिन इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची शुक्रवार की देर रात इस्लामाबाद पहुंचे, जहां पाकिस्तान के सेना प्रमुख फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर, विदेश मंत्री इसहाक डार और गृह मंत्री मोहसिन नकवी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
अमेरिका-ईरान के बीच कब होगी बातचीत?
व्हाइट हाउस ने बीते दिनों बताया था कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दो खास दूत पाकिस्तान के लिए रवाना होंगे, जबकि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अमेरिका में ही रहकर वार्ता पर करीब नजर रखेंगे। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाकाई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”ईरान और अमेरिका के बीच कोई बैठक होने की योजना नहीं है।” बाकाई ने कहा कि इसके बजाय पाकिस्तानी अधिकारी दोनों प्रतिनिधिमंडलों के बीच संदेशों का आदान-प्रदान कराएंगे।










































