आवासटोला (बम्हनी) में तेंदुए का आतंक, बकरे का किया शिकार, ग्रामीणों में दहशत

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय से लगभग ४ किमी दूर ग्राम बम्हनी के आगे मध्यप्रदेश राज्य वन विकास निगम लामता परियोजना परिक्षेत्र लालबर्रा के अंतर्गत आने वाले आवासटोला में तेंदुए की दस्तक से हडक़ंप मचा हुआ है। वैनगंगा नदी पोटियापाट धाम के समीप बसे इस टोले में सोमवार की शाम करीब ६ बजे एक तेंदुए ने गांव के नजदीक पहुंचकर एक बकरे को अपना शिकार बना लिया। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने तीन दिन पूर्व भी एक बकरी पर हमला किया था। लगातार हो रहे इन हमलों से ग्रामीणजन दहशत में जी रहे हैं। सोमवार को हुए तेंदुए के हमले में बकरे की मौत हो जाने से पशुपालक रामप्रसाद मारवाड़े को करीब १५ हजार रूपये का नुकसान हुआ है। ग्रामीणजनों ने वन विभाग से गश्त कर वन्यप्राणी तेंदुए को पकडक़र घने जंगल में सुरक्षित छोडऩे की मांग की है।

कृषि कार्य प्रभावित, अकेले जाने से डर रहे लोग

वैनगंगा नदी के किनारे जंगल से लगे आवासटोला (बम्हनी), डोरली सहित आस-पास के अन्य ग्रामों में पिछले कुछ दिनों से लगातार तेंदुआ देखा जा रहा है। वह लगातार मवेशियों को अपना निशाना बना रहा है, जिससे ग्रामीणों में यह डर बन गया है कि तेंदुआ किसी इंसान पर भी हमला कर सकता है। तेंदुआ दिखाई देने के बाद से ग्रामीणों ने अकेले खेत और नदी की ओर जाना बंद कर दिया है, जिससे उनका कृषि कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणजनों ने पीडि़त मवेशी मालिक रामप्रसाद मारवाड़े को उचित मुआवजा दिलवाने, रात्रि गश्त करने, आतंक का पर्याय बने तेंदुए को जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर पकडक़र सुरक्षित घने जंगल में छोडऩे की मांग वन विभाग से की है।

दूरभाष पर चर्चा में वन विकास निगम लामता परियोजना परिक्षेत्र लालबर्रा के रेंजर विजय कुमरे ने बताया कि आवासटोला (बम्हनी) में शाम के समय तेंदुए ने बकरे का शिकार कर दिया है, जिसकी जानकारी मिली है, मंगलवार को घटना स्थल पहुंचकर आवश्यक कार्यवाही की जायेगी और ग्रामीणजनों से भी अपील है कि अकेले जंगल की ओर न जाये।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here