हूती मीडिया के अनुसार, हमलों में अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, किंग खालिद एयर बेस और ऊर्जा दिग्गज अरामको (Aramco) के ठिकानों को निशाना बनाया गया।Houthi attacks on Saudi Arabia: ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने मंगलवार तड़के सऊदी अरब के कई शहरों को निशाना बनाकर ड्रोन और मिसाइलों से बड़ा हमला किया। सऊदी अधिकारियों और सैन्य गठबंधन के अनुसार, इन हमलों में कम से कम 73 लोग घायल हो गए हैं। यमन में चार साल से जारी सीजफायर टूटने के बाद दोनों पक्षों के बीच जारी हिंसक झड़पों के बीच यह अब तक का सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मल्की ने बताया कि हूती विद्रोहियों ने देश के दक्षिणी और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण शहरों अभा (Abha), जाजान (Jazan), नजरान (Najran) और खमीस मुशैत (Khamis Mushait) में नागरिक और आर्थिक ठिकानों को जानबूझकर निशाना बनाया।
हूती मीडिया के अनुसार, हमलों में अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, किंग खालिद एयर बेस और ऊर्जा दिग्गज अरामको (Aramco) के ठिकानों को निशाना बनाया गया। सऊदी गठबंधन ने चेतावनी दी है कि वह आतंकवादी हूती मिलिशिया को रोकने और अपने नागरिक क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए पूर्ण संकल्प के साथ सभी आवश्यक सैन्य और परिचालन कदम उठाएगा।
क्यों भड़का विवाद?
यह नया संघर्ष यमन के लाल सागर (Red Sea) तट और रणनीतिक बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य (Bab al-Mandab Strait) के आसपास हूती विद्रोहियों और सऊदी समर्थित यमनी सरकारी बलों के बीच हफ़्तों से चल रही भीषण लड़ाई का नतीजा है। पिछले कुछ हफ्तों के दौरान हुए भीषण युद्ध में 300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं और सैकड़ों परिवार विस्थापित हुए हैं।रणनीतिक रूट पर कब्जा
हूती विद्रोही लाल सागर के उस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए हमला कर रहे हैं, जो अदन की खाड़ी को लाल सागर और स्वेज नहर से जोड़ता है। सऊदी तेल निर्यात और वैश्विक व्यापार के लिए यह जलमार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सऊदी अरब पर यमन की जेल पर हवाई हमले का आरोप
हूती विद्रोहियों का दावा है कि सऊदी अरब पर उनके द्वारा किए गए यह ताजा हमले बिना किसी कारण के नहीं थे, बल्कि वे सऊदी अरब की ओर से किए गए भीषण हमलों का सीधा जवाब थे। हूती अधिकारियों और स्थानीय नागरिक सुरक्षा विभाग के अनुसार, सऊदी अरब नीत गठबंधन के युद्धक विमानों ने यमन के उत्तरी प्रांत अल-जौफ के अल-हज्म इलाके में स्थित एक जेल को निशाना बनाकर हवाई हमला किया था।
11 लोगों की मौत का दावा
हूती स्वास्थ्य मंत्रालय और नागरिक रक्षा अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस जेल पर हुए हवाई हमले में कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई (जिसमें कैदियों से मिलने आया एक बच्चा भी शामिल था) और कई अन्य घायल हो गए। इसके अलावा, मलबे के नीचे लगभग 20 कैदियों के दबे होने की आशंका है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी (Yahya Saree) ने कहा कि अल-जौफ, अल-बायदा, मारिब और ताइज़ में सऊदी द्वारा किए गए हवाई और क्रूज मिसाइल हमलों को बिना सजा दिए नहीं छोड़ा जाएगा, जिसके तुरंत बाद हूतियों ने सऊदी अरब के शहरों पर 73 लोगों को घायल करने वाला यह बड़ा जवाबी हमला बोल दिया।










































