नई दिल्ली: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गई। लेकिन उड़ान के दौरान आए भीषण टर्बुलेंस ने यात्रियों के बीच दहशत फैला दी। एयरबस A320neo विमान में 13 यात्रियों और चार केबिन क्रू सदस्यों समेत कुल 17 लोग घायल हो गए। विमान के सुरक्षित उतरने के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद फ्लाइट के अंदर रिकॉर्ड किए गए नए वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें टर्बुलेंस के बाद मची अफरातफरी साफ दिखाई दे रही है। फुटेज में क्षतिग्रस्त ओवरहेड पैनल, टूटे हुए सामान रखने के डिब्बे, बिखरा हुआ सामान और सहमे हुए यात्री नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों ने टर्बुलेंस की तीव्रता को उजागर कर दिया है।
यात्री की अपील- सीटबेल्ट हमेशा बांधे रखें
वायरल वीडियो रिकॉर्ड करने वाली एक महिला यात्री ने लोगों से अपील की कि विमान में सीटबेल्ट साइन बंद होने पर भी सीटबेल्ट कभी न खोलें। उन्होंने कहा, ‘कृपया प्लेन में हमेशा अपनी सीटबेल्ट पहनकर रखें, भले ही सीटबेल्ट साइन बंद हो। मैंने लोगों को हवा में उछलते, उनके सिर टकराते और घायल होते देखा। कुछ समय के लिए मुझे सच में लगा कि हम बच नहीं पाएंगे।’
परिवार के सामने मौत जैसा मंजर, ‘पुनर्जन्म’ जैसा अनुभव
एक अन्य यात्री ने ANI को बताया कि विमान की ऊंचाई अचानक कम होने के बाद उनका परिवार गंभीर हादसे से बाल-बाल बच गया। उनके अनुसार, उनके पिता कॉफी पी रहे थे, तभी तेज झटके से वे छत से टकराकर फर्श पर गिर पड़े। उनकी मां का सिर ओवरहेड केबिन से टकराया और पैनल का एक हिस्सा उनकी आंख के पास आ लगा। वहीं उनकी पत्नी और दो साल की बेटी भी सीट से उछलकर आइल में गिर गईं। यात्री ने इस पूरे घटनाक्रम को ‘पुनर्जन्म’ बताते हुए कहा कि उस समय पूरा केबिन चीख-पुकार से गूंज उठा था और सभी को सबसे बुरा होने का डर सताने लगा था।










































