पदमेश न्यूज़,बालाघाट। मई माह की गर्मी से अक्सर लोग हलाकान हो जाते है।लेकिन इस वर्ष मई माह अपने शुरुवाती दौर से ही नर्म गर्म चल रहा है।जहा कभी उमस भरी तेज धूप,तो कभी सुहानी बारिश देखी जा रही है। मई माह की भीषण गर्मी के बीच जिले में इन दिनों बेमौसम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल कर रख दिया है। जहां एक ओर सुबह से दोपहर तक तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, तो वहीं अचानक दोपहर बाद आसमान में काले बादलों का डेरा जमते ही मौसम करवट ले रहा है।जहा मई माह के शुरुआत से ही रोजाना मौसम में अचानक बदलाव देखा जा रहा है।जिसका एक नजारा आए दिनों की तरह बुधवार को भी नगर मुख्यालय सहित पूरे बालाघाट जिले में देखने को मिला।जहा बुधवार को सुबह से लेकर दोपहर 2 बजे तक तेज धूप के बाद अचानक मौसम बदला और जिले भर में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। बादलों की तेज गड़गड़ाहट और बिजली की चमक ने लोगों को चौंका दिया, वहीं कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया।मौसम में आए अचानक इसी बदलाव के बीच मौसम विभाग ने नगर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियत दर्ज किया गया।तो वही न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियत के आसपास रहा।उधर मौसम विभाग ने आगामी 3 दिनों तक मौसम के कुछ इसी तरह बने रहने, और रविवार से पूरे सप्ताह भर कड़ी धूप पड़ने, उमस के साथ चिपचिपी गर्मी का एहसास होने के साथ साथ अधिकतम तापमान पुनः 40 से 42 डिग्री सेल्सियत तक पहुचने के संकेत दिए है।
मौसम हुआ सुहाना,गर्मी से मिली राहत
मौसम के इस अचानक बदलाव से जहां लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है, वहीं किसानों और व्यापारियों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है, खासकर उन किसानों के लिए यह स्थिति परेशानी का कारण बन रही है जिन्होंने गर्मी की फसल तैयार कर रखी है।
रोजाना मौसम में हो रहा बदलाव
जिले के विभिन्न हिस्सों में बीते कुछ दिनों से यही स्थिति बनी हुई है।जहा सुबह चिलचिलाती धूप और दोपहर बाद अचानक बदलता मौसम अब आम हो गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह की परिस्थितियां वातावरण में नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बन रही हैं।अचानक तेज हवाओं और बारिश के कारण शहर के कुछ इलाकों में पेड़ की डालियां टूटने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की भी खबरें सामने आई हैं। हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है,स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मई जैसे गर्म महीने में इस तरह की बारिश असामान्य है, जिससे दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी ऐसे ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है।
भीषण गर्मी में बारिश,से बदल रही दिनचर्या
ज्ञात हो कि मई माह में आमतौर पर तापमान अपने चरम पर रहता है, लेकिन इस वर्ष बार-बार हो रही बारिश ने मौसम के पैटर्न को बदल दिया है। इससे जहां तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं उमस भी बढ़ रही है, जो लोगों के लिए असहज स्थिति पैदा कर रही है।उधर रोजाना मौसम में बदलाव को देखते हुए मौसम विभाग द्वारा आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।इस तरह मई माह में हो रही बेमौसम बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी है, वहीं अपने साथ कई तरह की चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं। आने वाले दिनों में मौसम का यह बदला हुआ मिजाज क्या असर दिखाएगा, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।लेकिन भीषण गर्मी के इन दिनों में रोजाना मौसम में बदलाव व बारिश ने लोगो की दिनचर्या बदलकर रख दी है।वही मौसमी बीमारियों का भी खतरा बढ़ गया है।










































