पदमेश न्यूज़,बालाघाट।नगर विकास का दावा करने वाली नगरपालिका का पूर्व में कि गई व्यवस्था पर ध्यान नहीं है जिसके चलते कुछ वर्ष पूर्व कराए गए निर्माण कार्य अब बदहाल होते नजर आ रहे हैं जो धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील हो रहे हैं ताजा मामला गुजरी मार्केट का है जहां वर्ष 2013 में नपा द्वारा गुजरी मार्केट भवन कंपलेक्स का निर्माण कराया गया था जहां टेंडर प्रक्रिया के तहत चिल्लर सब्जी विक्रेताओं को दुकान लगाने के लिए 61 गुमठी आवंटित की गई थी। वहीं ग्राहकों के आने जाने की व्यवस्था, पार्किंग व विद्युत सुविधा सहित अन्य व्यवस्थाएं बनाई गई थी वही नपा द्वारा एक सुव्यवस्थित गुजरी मार्केट बनाने का दावा किया गया था।लेकिन अब वही गुजरी गुमठी मार्केट बदहाल हो चुका है, जहां बनाई गई ज्यादातर गुमठी दुकानें टूट फूट गई है इसके अलावा वर्ष 2013 के बाद आज तक नपा द्वारा लगाई गई विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया है वहीं पार्किंग की व्यवस्था ना होने से गुजरी मार्केट गुमठी कांप्लेक्स चारों ओर से घेर चुका है वहीं जगह-जगह अतिक्रमण होने से गुमठी मार्केट अतिक्रमण से दब चुका है।हलाकि करीब 3 वर्ष पूर्व नपा द्वारा जीर्ण शीर्ण हो चुके इस काम्प्लेक्स की कुछ गुमठियों को तोड़कर जगह समतल की गई थी।उस समय दावा किया गया था कि जल्द ही नई गुमठियां बनाई जाएगी, वही पूरे काम्प्लेक्स की गुमठियां दोबारा बनाकर दुकानें संचालित करने के किए समस्त व्यवस्था की जाएगी।जहा तोड़ने के बाद जिम्मेदार उन गुमठियों को बनाना भूल गए।कुल मिलाकर कहा जाए तो गुजरी बाजार का गुमठी कॉन्प्लेक्स अपनी बदहाली पर आंसू बहाता नजर आ रहा है जिस पर नगर पालिका का कोई ध्यान नहीं है। जिसे दुरस्त करने की मांग चिल्लर सब्जी विक्रेता संघ के माध्यम से की गई है।
महज 15 गुमठी में लग रहा बाजार,45 गुमठी हो चुकी बदहाल
गुजरी में चिल्लर सब्जी विक्रेताओं के लिए वर्ष 2013 में बनाए गए कांप्लेक्स में नगर पालिका द्वारा सब्जी व्यवसायियों को 61 गुमठी आवंटित की गई थी।जिसमें से अब महज 15 गुमठी में ही दुकानें लग रही है,जबकि 45 से अधिक गुमठी टूट-फूट गई है।जिसके चलते वहां के सब्जी व्यापारी भी अब सड़क किनारे दुकान लगाने के लिए मजबूर हैं जिस पर नपा का अब तक कोई ध्यान नहीं है ना तो नगरपालिका स्वयं गुमठी का पुन: निर्माण कर रही है और ना ही चिल्लर व्यापारियों को गुमठी बनाने की अनुमति दे रही है। जिससे चिल्लर व्यापारी काफी परेशान है।
काम्प्लेक्स निर्माण के समय खुदवाया था बोरिंग
हैंडपंप आज तक नहीं लगाया
वही बात अगर पेयजल व्यवस्था की करें तो गुजरी मार्केट में सब्जी व्यवसायियों के लिए पेयजल की सुविधा नहीं है।जहां चिल्लर सब्जी व्यापारी जामा मस्जिद पुराने थाने के आगे लगे हैंडपंप से पानी लाने के लिए मजबूर हैं बताया जा रहा है कि वर्ष 2013 में जब कांप्लेक्स का निर्माण कराया गया था उस वक्त नपा द्वारा कांप्लेक्स परिसर में ही बोरिंग खुदवाया गया था जिस पर हैंडपंप लगाकर 24 घंटे पेयजल की सुविधा दिए जाने का वादा किया गया था लेकिन आज तक गुमठी बाजार कांप्लेक्स के व्यापारियों को पेयजल की सुविधा नहीं मिल पाई है।
विद्युत व्यवस्था बदहाल
गुजरी मार्केट में बनाए गए कांप्लेक्स में विद्युत व्यवस्था बदहाल हो चुकी है।जहां वर्ष 2013 में की गई वायरिंग को बदलना तो दूर की बात आज तक नगर पालिका ने वर्षो से बंद पड़े बल्फ़ तक नहीं बदले हैं जिसके चलते सब्जी व्यापारी स्वयं के पैसे खर्च कर बल्फ़ लगाने के लिए मजबूर है।
पार्किंग की नहीं है व्यवस्था, जगह-जगह गंदगी
गुजरी मार्केट कांप्लेक्स में वाहन पार्किंग की सुविधा भी नहीं है जिसके चलते लोग सड़कों पर ही वाहन पार्क कर सब्जी खरीदने के लिए मजबूर हैं इसके अलावा कांप्लेक्स के भीतर व सामने की जगह पर जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा है जिसे हटाने की जहमत भी नगरपालिका ने नही उठाई है।
रात में असामाजिक तत्वों और मवेशियों का लगा रहता है डेरा -रौशन सिंह
सब्जी व्यापारी रौशन सिंह ने बताया कि परिसर में दुकान उन्हें वर्ष 2013 में आवंटित की गई थी, उस समय लाइटिंग, पार्किंग ,बोरिंग की व्यवस्था थी अन्य व्यवस्था भी बनाकर देने को कहा गया था, लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। यहां पर लाइटिंग लगी हुई थी, लेकिन रात में असामाजिक तत्व उस लाइटिंग को तोड़ देते हैं, रात के समय रोजाना आवारा मवेशियों का यहां डेरा जमा रहता है, कचरा वाला सिर्फ बाहर का कचरा लेकर जाता है परिसर के अंदर का कचरा नहीं उठाते, सुबह 8 बजे दुकान लग जाती है लोग अपनी सब्जी फैला कर बैठ जाते हैं, कचरा उठाने के लिए कचरा वाला 10 बजे आता है जिससे उसे काम्प्लेक्स के भीतर आने-जाने की जगह नहीं मिलती, यहां तक की लोग पार्किंग में ही दुकान लगा लेते हैं, हमारी मांग है कि यहां की व्यवस्था में सुधार लाना चाहिए।
आधी रात को तोड़ी गई थी दुकान- राजेश बरडे
गुजरी बाजार चिल्लर व्यापारी संघ अध्यक्ष राजेश बरडे ने बताया कि करीब 3 वर्ष पूर्व आधी रात को नगर पालिका वालों ने जेसीबी लाकर क्षतिग्रस्त हुई गुमठियों को तोड़ा था, बोल रहे थे कि व्यवस्थित गुमठी बनाकर देंगे,सामान रखने के लिए जगह बनाई जाएगी, आने-जाने का रास्ता खुलवाया जाएगा, काम्प्लेक्स परिसर के पिछले तरफ से भी रास्ता खोला जाएगा, वही अन्य व्यवस्था बनाने को भी कहा था, लेकिन आज करीब 3 वर्ष गुजर गए अब तक कोई काम शुरू भी नहीं हुआ है। नगर पालिका के अधिकारी आते हैं और देख कर चले जाते हैं,हम कई बार हमने आवेदन निवेदन कर चुके हैं लेकिन कुछ नहीं हुआ, अभी गर्मी में सबसे अधिक समस्या पानी की हो रही है यहां 14 वर्ष पूर्व बोरिंग खुदवाया गया था लेकिन उसमें हैंडपंप नहीं लगाए, विद्युत व्यवस्था भी बदहाल है ,हमारी मांग है कि नगर पालिका ने गुमठी का तत्काल निर्माण कर इस परिसर में सर्व सुविधा देनी चाहिए।
कार्ययोजना बनाई जा रही है- सूर्यप्रकाश उइके
इस पूरे मामले को लेकर दुरभाष पर की गई चर्चा के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी सूर्यप्रकाश उइके ने बताया कि गुजरी बाजार काम्प्लेक्स का मामला उनके संज्ञान में है।बीच मे कचरा का उठाव नही हो रहा था, लेकिन अब रोजाना गाड़ी भेजकर कचरा उठवाया जा रहा है।गुमठियों के पुनः निर्माण व अन्य व्यवस्थाओं के लिए बैठक हो चुकी है।गुमठी बनाने पेयजल की व्यवस्था,पार्किंग साफ सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओ के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है।जल्द ही इसपर काम शुरू किया जाएगा।
00000000000000000000000000000000










































