बहुत डीकंपोज हो चुका है शव, १० दिन पुराना होने की संभावना
वारासिवनी। वारासिवनी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत एकोड़ी के शंकरटोला के पास स्थित नाले में रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव काफ ी पुराना होने के कारण पूरी तरह डीकंपोज हो चुका है। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर आवश्यक पंचनामा कार्यवाही के बाद सिविल अस्पताल वारासिवनी के शव विच्छेदन गृह में सुरक्षित रखवा दिया है। सोमवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फि लहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस के द्वारा शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
खेत में काम करने पहुंचे ग्रामीण ने देखा शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार इन दिनों खेती किसानी का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में ग्राम एकोड़ी निवासी रामदास मेश्राम रविवार सुबह करीब ११ बजे अपने खेत में कृषि कार्य करने के लिए पहुंचे थे। खेत में कार्य करने के दौरान वे नाले के समीप पानी की व्यवस्था देखने गए तभी उनकी नजर नाले में पड़े एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। शव दिखाई देते ही उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी आसपास के ग्रामीणों को दी। नाले में शव मिलने की जानकारी कुछ ही देर में पूरे गांव में फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद ग्राम सरपंच के द्वारा घटना की सूचना वारासिवनी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर उप निरीक्षक मानिक पटले पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के बाद ग्रामीणों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाया। शव काफ ी समय से पानी में पड़े होने के कारण अत्यधिक डीकंपोज हो चुका था और मौके पर दुर्गंध भी फैल रही थी। प्रारंभिक स्थिति के आधार पर पुलिस ने शव करीब १० दिन पुराना होने की संभावना जताई है। मृतक की उम्र लगभग ३० से ४० वर्ष के बीच आंकी जा रही है। मृतक ने पीली रंग की शर्ट और काले रंग का लोअर पहन रखा था। पुलिस द्वारा मौके पर मौजूद लोगों तथा आसपास के ग्रामीणों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया गया लेकिन पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी। शव की स्थिति अत्यधिक खराब होने के कारण फि लहाल मृत्यु के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। शव को सिविल अस्पताल वारासिवनी के शव विच्छेदन गृह में सुरक्षित रखवा दिया गया है। सोमवार सुबह चिकित्सकों द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बाद ही मृत्यु के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शिनाख्त का कर रहे प्रयास – मानिक पटले
उपनिरीक्षक मानिक पटले ने दूरभाष पर बताया कि थाने में नाले में अज्ञात व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया। शव करीब १० दिन पुराना प्रतीत हो रहा है तथा अत्यधिक डीकंपोज हो चुका है। मृतक की उम्र लगभग ३० से ४० वर्ष के बीच होने का अनुमान है। फि लहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम गृह में सुरक्षित रखवाया गया है तथा आवश्यक पंचनामा कार्यवाही के बाद मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। पुलिस द्वारा मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों में जानकारी जुटाने के साथ साथ गुमशुदगी के मामलों से भी संभावित तौर पर मिलान किया जा रहा है।










































