वारासिवनी खैरलांजी में १३१४ परीक्षार्थियों ने कराया था पंजीयन, १२६१ विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। प्रतिभावान एवं आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट छात्रवृत्ति चयन परीक्षा २०२६-२४ रविवार ४ अक्टूबर को वारासिवनी एवं खैरलांजी विकासखंड के निर्धारित शासकीय विद्यालयों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए दोनों विकासखंडों में कुल १३१४ विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया था जिसमें से १२६१ परीक्षार्थियों ने परीक्षा में उपस्थित होकर प्रश्नपत्र हल किया जबकि ५३ विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वारासिवनी विकासखंड में दो तथा खैरलांजी विकासखंड में दो शासकीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा के दौरान निर्धारित समय पर विद्यार्थियों ने केंद्रों पर पहुंचकर परीक्षा दी। परीक्षा की व्यवस्थाओं एवं संचालन की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों एवं निरीक्षण दल के द्वारा परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया गया। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।
वारासिवनी में ६८५ में से ६५८ परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
वारासिवनी विकासखंड में राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट छात्रवृत्ति चयन परीक्षा के लिए दो परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। सांदीपनि टिहलीबाई शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वारासिवनी में कुल ३७९ परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिनमें से ३५७ विद्यार्थियों ने उपस्थित होकर परीक्षा दी जबकि २२ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार कमला नेहरू शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में ३०६ परीक्षार्थियों का पंजीयन था। इनमें से ३०१ छात्राओं ने परीक्षा में उपस्थित होकर प्रश्नपत्र हल किया जबकि ५ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार वारासिवनी विकासखंड में कुल ६८५ पंजीकृत परीक्षार्थियों में से ६५८ ने परीक्षा दी और २७ अनुपस्थित रहे।
खैरलांजी में ६२९ में से ६०३ विद्यार्थियों ने हल किया पेपर
खैरलांजी विकासखंड में भी परीक्षा के लिए दो शासकीय विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था। सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरलांजी में ३१६ परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिनमें से ३०२ विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जबकि १४ अनुपस्थित रहे। वहीं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खैरलांजी में कुल ३१३ परीक्षार्थियों का पंजीयन था। इनमें से ३०१ विद्यार्थियों ने परीक्षा में उपस्थित होकर प्रश्नपत्र हल किया जबकि १२ परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार खैरलांजी विकासखंड में कुल ६२९पंजीकृत विद्यार्थियों में से ६०३ ने परीक्षा दी और २६ अनुपस्थित रहे।
तीन घंटे में विद्यार्थियों ने हल किए दो प्रश्नपत्र
राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट छात्रवृत्ति चयन परीक्षा निर्धारित समय सारणी के अनुसार आयोजित की गई। परीक्षार्थियों को सुबह १०.४५ बजे परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना था। इसके बाद सुबह ११ बजे से दोपहर १२.३० बजे तक मानसिक योग्यता परीक्षण यानि मेट का प्रश्नपत्र कराया गया। इसके पश्चात १५ मिनट के अंतराल के बाद दोपहर १२.४५ बजे से २.१५ बजे तक शैक्षिक योग्यता परीक्षण यानि सेट का दूसरा प्रश्नपत्र कराया गया। इस प्रकार विद्यार्थियों ने निर्धारित करीब तीन घंटे की परीक्षा अवधि में मानसिक योग्यता एवं शैक्षिक योग्यता से संबंधित दोनों प्रश्नपत्र हल किए।
आगे की पढ़ाई के लिए मिलती है वार्षिक छात्रवृत्ति
राष्ट्रीय मीन्स कम मेरिट छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभावान विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके तहत कक्षा आठवीं में अध्ययनरत विद्यार्थी चयन परीक्षा में शामिल होते हैं। परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को आगे की कक्षाओं में अध्ययन जारी रखने के लिए शासन की ओर से प्रति वर्ष १२ हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। यह छात्रवृत्ति विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से महत्वपूर्ण मानी जाती है ,क्योंकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को इससे आगे की शिक्षा जारी रखने में आर्थिक सहायता मिलती है। यही वजह है कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होने पहुंचे। परीक्षा केंद्रों के बाहर विद्यार्थियों के अभिभावकों की भी मौजूदगी रही। कई ग्रामीण क्षेत्रों से माता पिता अपने बच्चों को लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचे और पर…










































