पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय के बालाघाट-सिवनी हाईवे मार्ग पर स्थित वेयरहाउस में संचालित गेहूं खरीदी केंद्र का सोमवार को बालाघाट विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर भारी अव्यवस्थाएं और किसानों की शिकायतों का अंबार देख विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों और खरीदी प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिये है। साथ ही यह भी कहा कि शिकायत भी मिल रही है कि खरीदी केन्द्र में पहले व्यापारियों के गेंहू की खरीदी की जा रही है जो गलत है, किसान हमारे अन्नदाता है, पहले किसानों को प्राथमिकता दी जाये, अगर अन्नदाताओं को पेरशान किया जायेगा तो यह बर्दाश्त नही की जायेगी।
व्यापारियों को लाभ पहुंचाने की शिकायत पर एक्शन
लालबर्रा वृहत्ताकार सेवा सहकारी समिति के द्वारा सिवनी मार्ग पावर हाउस के समीप स्थित वेयर हाउस में गत दिवस से समर्थन मूल्य में गेंहू खरीदी की जा रही है। साथ ही यह खरीदी वेयर हाउस के बाहर खुले आसमान के नीचे की जा रही है जिससे इस भीषण गर्मी में किसानों के साथ ही मजदूरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं विधायक श्रीमती मुंजारे को पिछले कुछ दिनों से लगातार किसानों के माध्यम से शिकायतें मिल रही थी कि खरीदी केंद्र पर पक्षपात का बोलबाला है। किसानों का आरोप था कि उन्हें भीषण गर्मी में घंटों कतार में खड़ा रखा जाता है, जबकि साठगांठ के चलते व्यापारियों की उपज को प्राथमिकता देकर जल्दी तौल लिया जाता है। इन शिकायतों की जमीनी हकीकत जानने पहुंची विधायक श्रीमती मुंजारे ने जब केंद्र का औचक निरीक्षण किया तो वहां अव्यवस्थाओं का अंबार मिला। किसानों के बैठने और पीने के पानी के पुख्ता इंतजाम न होने पर नाराजगी व्यक्त की है। वहीं निरीक्षण के दौरान विधायक ने संबंधित अधिकारियों को दो-टूक शब्दों में कहा कि किसान हमारा अन्नदाता है और उनकी परेशानी बर्दाश्त नहीं की जायेगी उन्होंने निर्देश दिये कि पहले किसानों की उपज की तौल की जाये, उसके बाद ही किसी अन्य की फसल ली जाये। साथ ही बढ़ती धूप और लू को देखते हुए तौल की प्रक्रिया में तेजी लाने, केंद्र पर किसानों के लिए छांव, शीतल पेयजल और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा है। साथ ही विधायक श्रीमती मुंजारे ने कहा कि मुझे लगातार शिकायते मिल रही थी कि खरीदी केन्द्र में किसानों को परेशान किया जा रहा है, किसान हमारे अन्नदाता हैं, उनकी सेवा और समस्याओं का समाधान करना हमारा प्राथमिक कर्तव्य है। अगर भविष्य में दोबारा ऐसी अव्यवस्था मिली या किसानों के साथ दुव्र्यवहार की खबर आने पर संबंधित अधिकारी पर कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।










































