महिलाओं और बच्चों ने प्रतियोगिताओं में लिया भाग
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के वार्ड क्रमांक १२ स्थित खिल्या मुठिया देव परिसर में गोवारी समाज महिला मंडल के तत्वाधान में पारंपरिक सावन झूला उत्सव का आयोजन किया गया। समाज की वरिष्ठ महिलाओं की गरिमामय उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का प्रारंभ भगवान श्री राधा कृष्ण की विधि विधान के साथ पूजा.अर्चना कर किया गया। इसके बाद महिलाओं ने सावन झूले का आनंद लिया। उत्सव के दौरान समस्त सुहागिन महिलाओं को हल्दी.कुमकुम लगाकर सुहाग सामग्री का वितरण किया गया जिससे पूरा माहौल धार्मिक और उल्लासमय हो गया। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात मनोरंजक खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ सहित कई रोमांचक खेल प्रतियोगिताएं रखी गईं। साथ ही बालक बालिकाओं के लिए भी अलग अलग खेल स्पर्धा आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को मंडल की ओर से आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती स्मिता जायसवाल तथा नपा अध्यक्ष श्रीमती सरिता मनोज दांदरे महिलाओं के साथ कार्यक्रम में शामिल हुईं। उन्हीने गोवारी समाज के इस आयोजन की सराहना की बल्कि महिला संगठन के द्वारा आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग भी लिया। विदित हो की सावन का पवित्र महीना सामाजिक मिलन और खुशियों का प्रतीक माना जाता है। मान्यताओं के अनुसार सावन में झूला झूलने से महिलाओं को सौभाग्य की प्राप्ति होती है। पौराणिक कथाओं के अनुसार भगवान शिव ने माता पार्वती के लिए यह झूला लगाया था। जिसके बाद से सावन झूला पति पत्नी के आपसी प्रेम और सामंजस्य का प्रतीक बन गया। दैनिक पारिवारिक व्यस्तताओं के बीच ऐसे आयोजनों से महिलाओं को सामाजिक स्तर पर परस्पर मिलने, विचार साझा करने और पर्व को आनंदोत्सव के रूप में मनाने का अवसर मिलता है। पूर्व नपा अध्यक्ष श्रीमती स्मिता जायसवाल ने बताया कि गोवारी समाज महिला संगठन के द्वारा यह सावन झूले कार्यक्रम का आयोजन किया गया है । यह सौभाग्य की प्राप्ति के लिए किया जाता है महिलाओं के द्वारा हल्दी कुमकुम और सुहाग की सामग्री वितरण कर एक दूसरे को सौभाग्यवती होने की कामना की गई है । अभी सावन का महीना चल रहा है जिसमें चारों तरफ हरियाली रहती है वैसे ही महिलाएं भी परिवार की संपन्नता की कामना कर यह कार्यक्रम कर रही है। इस अवसर पर गोवारी समाज महिला मंडल के पदाधिकारी सदस्य सहित बड़ी संख्या में स्वजातीय महिला मौजूद रही।










































