छत्रपति शाहूजी महाराज जयंती समारोह कार्यक्रम का हुआ आयोजन

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय के बालाघाट रोड़ स्थित लॉन में शनिवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) द्वारा आरक्षण के जनक, कोल्हापुर के राजा छत्रपति शाहूजी महाराज की जयंती को ‘आरक्षण दिवस’ के रूप में धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने सर्वप्रथम शाहूजी महाराज के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया। जयंती कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने शाहूजी महाराज के जीवनगाथाओं पर प्रकाश डाला और भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि छत्रपति शाहूजी महाराज ने शोषित और वंचित वर्ग को अधिकार दिलाने के लिए देश में आरक्षण की नींव रखी थी। परंतु वर्तमान सरकार जिस वर्ग की जितनी बहुलता है, उसे उस आधार पर आरक्षण नहीं दे रही है, जो कि सरासर गलत है। आगे कहा कि भाजपा के शासनकाल में नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा के पेपर लीक हो रहे हैं, भ्रष्टाचार चरम पर है और महंगाई लगातार बढ़ रही है। ऐसी जनविरोधी सरकार को सबक सिखाने के लिए सभी को संगठित होने का आव्हान किया।

तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, मांगे पूरी नही होने पर करेगें आंदोलन

जयंती कार्यक्रम के समापन के बाद बसपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी तहसील कार्यालय पहुंचकर क्षेत्र की ज्वलंत स्थानीय समस्याओं और राष्ट्रीय मुद्दों को लेकर महामहिम राज्यपाल के नाम तहसीलदार को १० सूत्रीय मांगों का एक ज्ञापन सौंपा है। जिसमें सरकार की जनविरोधी नीतियों पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए उसमें सुधार किये जाने की मांग की है। सौंपे गये ज्ञापन में देश में बढ़ती बेरोजगारी, चिकित्सा व्यवस्था में बदहाली, महंगाई और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता रखा है। जिसमें नीट परीक्षा के पेपर लीक करने वाले मुख्य दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर व दंडात्मक कानूनी करने, किसानों को घोषित धान का समर्थन मूल्य ३१०० रूपये वर्तमान तक अप्राप्त है, जिसका शीघ्र भुगतान करने, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि बिना किसी रूकावट के नियमित रूप से प्रदान करने, रासायनिक खाद के मूल्यों में दिनों-दिन हो रही बेतहाशा वृध्दि पर तत्काल रोक लगाकर कीमतें कम करने, पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस की कीमतों में हुई भारी बढ़ोत्तरी को जनहित में शीघ्र कम करने, शासकीय विभागों में ठेकेदारी प्रथा को पूर्णत: समाप्त कर
बेरोजगार युवक-युवतियों को स्थायी शासकीय नौकरियां दिये जाने, प्रदेश में कार्यरत शिक्षकों से दोबारा पात्रता परीक्षा ली जा रही है, जिसका कोई औचित्य नहीं है; अत: इस परीक्षा कार्यक्रम को तत्काल रद्द करने, देश एवं प्रदेश के सभी शासकीय विभागों में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन स्कीम को पुन: लागू करने, प्रदेश के सभी शासकीय विभागों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों के लिए प्रमोशन में आरक्षण व्यवस्था सुनिश्चित कर शीघ्र पदोन्नति करने, लालबर्रा शासकीय चिकित्सालय में लंबे समय से रिक्त विशेषज्ञ डॉक्टरों के पदों पर तत्काल स्थायी भर्ती करने की मांग की है। वहीं उक्त मांगे पूरी नही होने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here