नई दिल्ली: फीफा वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद नीदरलैंड्स के कोच रोनाल्ड कोमैन ने पद से इस्तीफे की घोषणा कर दी है। राउंड ऑफ 32 में मोरक्को और नीदरलैंड्स टीम का मुकाबला खेला गया, जिसमें नीदरलैंड्स की टीम को हार का सामना करना पड़ा और इसी के साथ वर्ल्ड कप में उसका सफर समाप्त हो गया है। मोरक्को के खिलाफ खेलते हुए नीदरलैंड्स की टीम के हार के साथ ही कोच रोनाल्ड कोमैन ने भी कोच का पद छोड़ दिया है। इसी के साथ मैनेजर के तौर पर नीदरलैंड्स के साथ उनका दूसरा कार्यकाल भी समाप्त हो गया।
दूसरा कार्यकाल भी हुआ खत्म
कोमैन ने 2018 की शुरुआत में अपना पहला कार्यकाल शुरू किया, जो 2020 के मध्य तक चला। कतर में हुए वर्ल्ड कप के बाद, जिसमें नीदरलैंड्स्स क्वार्टर-फाइनल तक पहुंचा था, वे 2023 की शुरुआत में उन्होंने बतौर कोच फिर टीम से जुड़े थे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर रोनाल्ड कोमैन ने कहा, ‘मैंने डच नेशनल टीम के कोच के तौर पर अपना कार्यकाल खत्म करने का फैसला किया है। हम सभी ने एक ऐसे वर्ल्ड कप का सपना देखा था जिसमें हम इतिहास रचेंगे। हम कामयाब नहीं हो पाए। इस बात से मुझसे ज्यादा निराश कोई नहीं है। नेशनल कोच के तौर पर, यह जिम्मेदारी आपकी होती है। मैंने हमेशा इसे महसूस किया है और हमेशा करता रहूंगा।’









































