F-16 aircraft crash in Turkey : तुर्किये के यालोवा प्रांत में बुधवार को सेना का एक सैन्य विमान F-16 क्रैश हो गया। समाचार एजेंसी रॉयटर ने तुर्किये के रक्षा मंत्रालय के हवाले से कहा कि सैन्य विमान प्रशिक्षण अभ्यास पर था, इसी दौरान यह दुर्घटना हुई। वीडियो में दुर्घटना वाले स्थान से आग की लपटें एवं धुआं निकलता देखा गया। रिपोर्टों के मुताबिक पायलट सुरक्षित है। हादसे से ठीक पहले वह प्लेन से इजेक्ट कर गया।
हादसे की जांच शुरू
तुर्किये मीडिया द्वारा प्रकाशित वीडियो में दिखाया गया कि जिस खुले मैदान में विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहां से घना काला धुआं उठ रहा था। मंत्रालय ने दुर्घटनाग्रस्त विमान के वेरिएंट या उससे जुड़ी यूनिट की पहचान नहीं बताई। मंत्रालय ने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। हादसे में किसी अन्य के हताहत होने की खबर नहीं है।
हादसे से पहले पायलट ने इजेक्ट किया
मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि विमान एक नियमित प्रशिक्षण मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे से पहले पायलट ने सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकलकर पैराशूट के जरिए अपनी जान बचा ली। मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना के सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।घटनास्थल पर रेस्क्यू टीमें भेजी गईं
स्थानीय मीडिया के अनुसार, घटना के बाद बड़ी संख्या में एंबुलेंस और मेडिकल रेस्क्यू टीमें दुर्घटनास्थल पर भेजी गईं। तुर्की के न्यूज चैनल NTV पर प्रसारित लाइव फुटेज में मलबे से आग का गोला और घना काला धुआं उठता दिखाई दिया, जिसे पूरे प्रांत के कई इलाकों से देखा जा सकता था। एफ-16 अमेरिकी विमान है। तुर्किये अमेरिका से पांचवीं पीढी का फाइटर प्लेन एफ-35 भी खरीदना चाहता है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तुर्किये को एफ-35 बेचने के संकेत दे चुके हैं। कुछ सयम पहले ट्रप नाटो की बैठक के लिए अंकारा आए थे।










































