पनामा के आपातकालीन परिचालन केंद्र के निदेशक रेने गार्सिया ने बताया कि शुक्रवार को आए 7.7 तीव्रता के मुख्य भूकंप के बाद अब तक 147 से अधिक आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) दर्ज किए जा चुके हैं,..Earthquake in Panama: मध्य अमेरिकी देश पनामा में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, मंगलवार तड़के पनामा में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। NCS ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि भारतीय समयानुसार (IST) सुबह 4:50 बजे आए इस भूकंप का केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में (अक्षांश 7.683 उत्तर और देशांतर 81.405 पश्चिम) दर्ज किया गया। यह नया झटका ऐसे समय में आया है जब देश बीते शुक्रवार (9 अक्टूबर) को आए 7.7 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप के झटकों से उबरने की कोशिश कर रहा है।
147 से ज्यादा आफ्टरशॉक्स, भारी नुकसान
पनामा के आपातकालीन परिचालन केंद्र के निदेशक रेने गार्सिया ने बताया कि शुक्रवार को आए 7.7 तीव्रता के मुख्य भूकंप के बाद अब तक 147 से अधिक आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें से कई की तीव्रता 6.1 और 6.6 तक रही है। तबाही और लगातार आ रहे झटकों को देखते हुए पनामा की सरकार ने देशभर में आपातकाल की घोषणा कर दी है।
राहत कार्य तेजी पर
पनामा के राष्ट्रपति जोस राउल मुलिनो ने राहत कार्यों के समन्वय के लिए एक विशेष आयोग का गठन किया है। प्रभावित लोगों की मदद के लिए पनामा सिटी के ‘ओमर पार्क’ और प्रांतीय सरकारी कार्यालयों में दान संग्रह केंद्र बनाए गए हैं। इमारतों और बुनियादी ढांचे को क्षति: भूकंप से घरों, स्कूलों, अस्पतालों, सड़कों, होटलों और सरकारी इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है। सबसे ज्यादा प्रभाव कोकले प्रांत और राजधानी पनामा सिटी में देखा गया। अस्थायी रूप से थमा जनजीवन सुरक्षा कारणों से मेट्रो सेवाएं निलंबित कर दी गईं और देश के मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को कुछ समय के लिए बंद करना पड़ा था, जिसे बाद में बहाल किया गया।भारत ने जताया दुख, दी हर संभव मदद की एकजुटता
पनामा में आई इस प्राकृतिक आपदा पर भारत सरकार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर पनामा की सरकार और वहां के लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
विदेश मंत्री ने कहा, भूकंप की इस त्रासदी के बाद भारत, पनामा की सरकार और वहां के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़ा है। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं सभी घायलों और प्रभावित परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस आपदा में नुकसान सहा है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने भी आधिकारिक बयान जारी कर पनामा के साथ अपनी एकजुटता दोहराई है।
सुनामी की चेतावनी के बाद राहत
भूकंप के तुरंत बाद अमेरिकी सुनामी चेतावनी प्रणाली (US Tsunami Warning System) और पनामा में अमेरिकी दूतावास ने मध्य और दक्षिण अमेरिका के नौ देशों के तटीय क्षेत्रों में सुनामी के खतरे और झटकों की चेतावनी जारी की थी। हालांकि, बाद में स्थिति का आकलन करने के बाद सुनामी के खतरे की आशंका को खारिज कर दिया गया।








































