पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। लालबर्रा से समनापुर मार्ग पर स्थित ढूटी वीयर वैनगंगा बड़ी नहर के पुल पर पानी की सही निकासी न होने के कारण बारिश के दिनों में भारी जलभराव हो रहा है। यानि की तेज बारिश होने पर पुल में पानी का जमाव हो जाता है। जिससे राहगीरों, वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जलभराव से यहां कभी भी गंभीर दुर्घटना होने की संभावना बनी हुई है किन्तु पानी निकासी की व्यवस्था नही की जा रही है जबकि प्रतिवर्ष बारिश के दिनों में पुल के ऊपर पानी जमा होने की स्थिति निर्मित होती है और बरसात शुरू होने के पूर्व पानी निकासी की व्यवस्था करने की मांग की जाती है। लेकिन संबंधित जिम्मेदार विभाग और प्रशासन पूरी तरह मौन साधे हुए हैं। जिससे आने-जाने वाले ग्रामीणजन एवं राहगीरों में शासन-प्रशासन के प्रति रोष व्याप्त है।
पानी का जमाव पुल को कर सकता है क्षतिग्रस्त
आपकों बता दें कि लालबर्रा से समनापुर पहुंच मार्ग का निर्माण विगत वर्ष पूर्व लाखों रूपयों की लागत से किया गया है परंतु इस मार्ग के निर्माण कार्य में संबंधित ठेकेदार के द्वारा भारी लापरवाही बरती गई है और इस मार्ग के संबंध में आये दिन नई नई समस्याएं देखने को मिलती है। गत दिनों दिनों से हो रही बारिश के कारण लालबर्रा से समनापुर पहुंच मार्ग अमोली से बम्हनी के बीच से गुजरी ढूटीवीयर वैनगंगा बड़ी नहर में सडक़ निर्माण के दौरान ही बनाये गये नवीन पुल में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से पुल पर पानी का जमाव हो रहा है। जिससे जहां एक ओर राहगीरों व स्कूलीं ब’चों को आवागमन करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है तो वहीं दूसरी ओर पुल पर कई दिनों तक पानी का जमाव होने से यह पुल को क्षतिग्रस्त भी कर सकता है जिससे शासन को काफी नुकसान होगा। साथ ही पुल के ऊपर बारिश का पानी जमा होने पर अगर आने-जाने वालों के वाहन तेज गति में रहता है एवं अनियंत्रित होता है तो पुल से वाहन टकराकर वे सीधे नहर के नीचे गिर सकते है। जबकि वर्तमान में नहर में ४ से ५ फीट पानी बह रहा है। ऐसी स्थिति में बहुत बड़ा हादसा घटित हो सकता है। इस समस्या से सडक़ विभाग को अवगत करवा दिया गया है परन्तु शासन-प्रशासन के द्वारा इस समस्या को नजरअंदाज करके भारी लापरवाही बरती जा रही है और पुल का उचित रख रखाव नहीं होने के कारण जल्द क्षतिग्रस्त होने की संभावना भी बन रही है। जबकि संबंधित ठेकेदार को पुल निर्माण के दौरान पानी निकासी के लिए पुल के दोनों ओर किनारे में होल बनाये जाने चाहिये थे। जिससे आसानी से पानी की निकासी हो सके परंतु ठेकेदार के द्वारा ऐसा नहीं किया गया जिससे पुल पर पानी का जमाव हो रहा है। जिसके कारण आने-जाने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सडक़ विभाग से पानी निकासी की व्यवस्था करने की मांग राहगीर एवं ग्रामीणजनों ने की है।
दर्जनों ग्राम के ग्रामीणजन करते है आवागमन
यह मार्ग लालबर्रा से समनापुर होते हुए बालाघाट-मंडला मुख्य मार्ग को आपस में जोडता है और इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में दर्जनों ग्राम के ग्रामीणजन आवागमन करते है और यह मार्ग बम्हनी, ददिया, खामघाट, आमाटोला, समनापुर सहित अन्य दर्जनों ग्रामों को शहर से जोड़ता है। जिससे बड़ी संख्या में लोग रोजाना मार्केट, शासकीय कार्यालय, स्कूल, कॉलेज सहित अन्य जगह पर आवश्यक काम के चलते आवागमन करते है। परंतु बारिश होने पर पुल पर पानी का जमाव होने के कारण पुल के क्षतिग्रस्त होने की संभावना बनी हुई है। इस समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणजन एवं राहगीरों ने शासन प्रशासन से पुल में जमा हो रहे पानी निकासी की व्यवस्था करने की मांग की है।
एमपीआरडीसी विभाग के महाप्रबंधक मुकेश बेले से दूरभाष पर लालबर्रा से समनापुर पहुंच मार्ग अमोली से बम्हनी के बीच से गुजरे ढूटीवीयर वैनगंगा बड़ी नहर के ऊपर बने पुल में जमा हो रहे पानी निकासी नही होने से आवागमन में हो रही परेशानी एवं पानी निकासी की व्यवस्था करने के संबंध में चर्चा करने का प्रयास किया गया किन्तु संपर्क नही हो पाया।










































