पिता CEO, बेटी का अलग रुतबा! Nvidia में मैडिसन हुआंग से क्यों खौफ खाती है टीम? जानें

0

Nvidia में CEO जेनसन हुआंग की बेटी मैडिसन हुआंग को कंपनी में खास प्रभावशाली माना जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह कंपनी के कई अहम फैसलों में भूमिका निभाती हैं। उनके काम करने के तरीके को लेकर कर्मचारियों के बीच नाराजगी और डर की भी चर्चा है।

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों में शामिल Nvidia में पूर्व CEO जेनसन हुआंग की बेटी मैडिसन हुआंग का अलग ही रुतबा है। मैडिसन कंपनी में सिर्फ एक कर्मचारी नहीं, बल्कि ऐसी प्रभावशाली शख्सियत मानी जाती हैं, जिनकी मौजूदगी से बड़े-बड़े अधिकारी भी सतर्क रहते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैडिसन कंपनी के अहम फैसलों और रणनीतियों में भूमिका निभाती हैं। उनके सख्त व्यवहार को लेकर भी कर्मचारियों के बीच चर्चा है। आइए जानते हैं कि आखिर Nvidia में मैडिसन हुआंग का इतना प्रभाव क्यों है और टीम उनसे क्यों खौफ खाती है?

मैडिसन हुआंग कौन हैं?

35 वर्षीय मैडिसन हुआंग, Nvidia के को-फाउंडर और पूर्व CEO जेनसन हुआंग की बेटी हैं। एनवीडिया में वह परिवार के सदस्यों में सबसे अधिक प्रभावशाली मानी जाती हैं। उन्होंने साल 2020 में बतौर MBA इंटर्न कंपनी जॉइन की थी। मैडिसन ने अपनी शुरुआती पढ़ाई पाककला यानी कुलनरी आर्ट्स और वाइन मेकिंग में पेरिस व लंदन से की। इसके बाद उन्होंने लग्जरी होटल्स में काम किया और लंदन बिजनेस स्कूल से मास्टर भी डिग्री ली।

मैडिसन हुआंग की Nvidia में क्या है भूमिका?

मैडिसन हुआंग Nvidia में फिजिकल AI प्लेटफॉर्म्स की सीनियर डायरेक्टर ऑफ प्रोडक्ट एंड टेक्निकल मार्केटिंग हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, मैडिसन अपने पिता के चीफ ऑफ स्टाफ की तरह काम करती थीं। वह कंपनी की मार्केटिंग और कम्युनिकेशन रणनीति में भी अहम भूमिका निभाती रही हैं। मैडिसन कंपनी की वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होने वाली बैठकों में शामिल होती थीं और बोर्ड के सामने प्रेजेंटेशन देती थीं। उन्होंने ही पिता जेनसेन हुआंग की पब्लिक इमेज को एक सेलिब्रिटी की तरह स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई थी।।

वरिष्ठ अधिकारियों पर भी चिल्लाने का आरोप

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मैडिसन का मिजाज काफी गर्म है और वह काम को लेकर बेहद सख्त मानी जाती हैं। कंपनी के भीतर उनके आक्रामक रवैये को लेकर कई तरह की बातें सामने आई हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, एक बार जब जेनसेन हुआंग भारत के एक AI समिट में शामिल नहीं हो पाए और उन्होंने अपनी जगह सीनियर अधिकारी जय पुरी को भेजा, तो मैडिसन इस बात से इतनी नाराज हुईं कि उन्होंने मीटिंग में पुरी और अन्य कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। पुरी ने कथित तौर पर उन्हें चिल्लाना बंद करने के लिए कहा था। इसके कुछ महीनों बाद ही जय पुरी ने कंपनी छोड़ दी थी।

रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि मैडिसन की कार्यशैली से परेशान होकर पिछले कुछ सालों में कई वरिष्ठ अधिकारियों ने एनवीडिया छोड़ दिया। यहां तक कि मार्केटिंग टीम के साथ तीखी बहस के दौरान एक वाइस प्रेसिडेंट को पैनिक अटैक तक आ जाने की बात सामने आई है। जिसके बाद HR को इस मामले में दखल देना पड़ा था और मैडिसन के मैनेजमेंट स्टाइल को लेकर कोचिंग सेशन चलाने पड़े थे।

परिवार का Nvidia में बढ़ता प्रभाव

Nvidia में केवल मैडिसन ही नहीं, बल्कि उनके भाई स्पेंसर हुआंग और पति निको कैप्रेज भी काम करते हैं। स्पेंसर कंपनी के रोबोटिक्स विभाग में प्रोडक्ट मैनेजमेंट डायरेक्टर हैं, जबकि निको कैप्रेज कंपनी के कारोबार और डील्स से जुड़े काम में शामिल हैं। रिपोर्ट के अनुसार, तीनों में मैडिसन का कंपनी के भीतर सबसे ज्यादा प्रभाव माना जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here