फ्लोरिडा में प्राइवेट जेट क्रैश, मोबाइल होम पार्क पर विमान गिरते ही जोरदार धमाका, 9 लोगों की मौत

0

अमेरिका के फ्लोरिडा में एक निजी जेट मोबाइल होम पार्क में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।Private Jet Crashes: अमेरिका के फ्लोरिडा में एक बड़ा विमान हादसा हो गया। यहां दक्षिण फ्लोरिडा के एक मोबाइल होम पार्क में करीब 20 लाख डॉलर का प्राइवेट जेट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई। विमान जमीन से टकराते ही जोरदार धमाका हुआ और आग का बड़ा गुबार उठता हुआ दिखाई दिया। टक्कर से कम से कम एक मोबाइल होम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटनास्थल पर विमान का मलबा और आग की लपटें फैल गईं।

8 हजार फीट की ऊंचाई से जमीन पर गिरा विमान

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, विमान में नौ लोग सवार थे। यह टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरकर बहामास के नॉर्थ एल्युथेरा एयरपोर्ट जा रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, विमान ने अचानक दाईं ओर तेज मोड़ लिया और करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से तेजी से नीचे गिरने लगा। इसके बाद यह फ्लोरिडा में मिलिट्री ट्रेल और 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के पास स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1 बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

टक्कर के बाद मोबाइल होम पार्क में लगी आग

बताया गया कि विमान पहले एक पेड़ से टकराया और बिजली की तारें टूट गईं। इसके बाद विमान जमीन से टकरा गया, जिससे भीषण आग लग गई। हादसे के कारण आसपास मलबा बिखर गया और मोबाइल होम पार्क में मौजूद कम से कम एक घर को नुकसान पहुंचा।

प्रशासन ने बंद की सड़कें, जांच शुरू

पाम बीच काउंटी फायर रेस्क्यू ने इस घटना को ‘मास कैजुअल्टी इंसिडेंट’ यानी बड़े पैमाने पर जनहानि वाली घटना बताया। पाम बीच काउंटी शेरिफ कार्यालय ने मिलिट्री ट्रेल के क्रेस्टहेवन बुलेवार्ड और 10वीं एवेन्यू नॉर्थ के पास सभी लेन बंद कर दीं। वाहन चालकों को उस इलाके से दूर रहने और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में विमान के बोका रैटन से उड़ान भरने की बात कही गई, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

खराब मौसम के बीच हुआ हादसा

हादसे के समय वेस्ट पाम बीच इलाके में आसमान में बादल छाए हुए थे। बारिश और बिजली चमकने की भी जानकारी सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्व दिशा से करीब 15 मील प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी और झोंकों की रफ्तार लगभग 25 मील प्रति घंटे तक पहुंच रही थी। उस समय विजिबिलिटी करीब सात मील दर्ज की गई थी। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here