बिप्लब देब के प्रभारी बनने के बाद दूसरी बार एमपी बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक, पार्टी ऑफिस नहीं, सीएम हाउस में होगी मीटिंग

0

MP Politics: मध्य प्रदेश में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सीएम हाउस में आज भाजपा कोर ग्रुप की अहम बैठक होनी है, जिसमें शामिल होने के लिए पार्टी प्रभारी बिप्लब देब भोपाल पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर, कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची पर सवाल उठाते हुए 1 नवंबर को दिल्ली में महारैली का ऐलान किया है।भोपाल: राजधानी में आज राजनीतिक हलचल काफी तेज रहने वाली है। एक तरफ जहां सत्ताधारी बीजेपी संगठन और आगामी रणनीतियों को धार देने के लिए बड़ी बैठकें कर रही है, वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए बड़े आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। सोमवार सुबह साढ़े दस बजे से श्यामला हिल्स स्थित मुख्यमंत्री निवास में एमपी बीजेपी के प्रदेश कोर ग्रुप की अहम बैठक शुरू होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब विशेष रूप से सुबह भोपाल पहुंच रहे हैं।

सीएम हाउस में कोर ग्रुप का मंथन

श्यामला हिल्स स्थित सीएम हाउस में होने वाली इस बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी सियासी गतिविधियों पर गंभीर चर्चा होगी। इस उच्च स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी समेत कोर ग्रुप के सभी प्रमुख सदस्यों को बुलाया गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, संगठन के कामकाज और आंतरिक रणनीतियों को लेकर यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।सोशल मीडिया और कार्यकर्ताओं से संवाद

कोर ग्रुप की बैठक के अलावा बिप्लब देब सोमवार को पार्टी के अन्य कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। दोपहर बाद प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोशल मीडिया पदाधिकारियों और पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने वाले डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स की एक खास बैठक रखी गई है। शाम करीब चार बजे बिप्लब देब इस बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद शाम को उनका पार्टी कार्यालय में जनप्रतिनिधियों और आम कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने का भी कार्यक्रम है, जहां वे कार्यकर्ताओं की बातें सुनेंगे।

चुनाव प्रक्रिया पर कांग्रेस का बड़ा हमला

इधर, विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने और सरकार को घेरने की तैयारी तेज कर दी है। कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के प्रभारी और सीडब्ल्यूसी (कांग्रेस वर्किंग कमेटी) सदस्य बालासाहेब थोरात ने रविवार को भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर कई तीखे सवाल उठाए।चंढ़ीगढ़ की घटना का दिया हवाला

चंडीगढ़ के चुनावी घटनाक्रम का हवाला देते हुए थोरात ने मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन और चुनाव आयुक्तों को मिले कानूनी संरक्षण पर आपत्ति जताई। उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल के साथ-साथ मध्य प्रदेश की चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर चिंता जताई।

1 नवंबर को दिल्ली में महारैली का ऐलान

कांग्रेस नेता बालासाहेब थोरात ने ऐलान किया कि पार्टी के इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आगामी 1 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में एक विशाल ‘महारैली’ आयोजित की जाएगी। इस रैली में मुख्य रूप से मतदाता सूची की शुद्धता, चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही जैसे बड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। कांग्रेस का दावा है कि इस महारैली में देश भर से हजारों पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here