बालाघाट।
रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक भावुक मामला जिले के लांजी थाना क्षेत्र से सामने आया है। जहां एक वृद्ध पिता को उसके ही बेटे और बहू ने प्रताड़ित कर घर से बेघर कर दिया। इस घटना ने न सिर्फ इंसानियत पर सवाल खड़े किए हैं। बल्कि समाज को भी सोचने पर मजबूर कर दिया है।
ग्राम देवलगांव निवासी जगतराम बागडकर 73 वर्ष जिनकी पत्नी का निधन वर्ष 2012 में हो चुका है।अपने बेटे पूरन बागडकर और बहू के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। जिनकी शादियां हो चुकी हैं।वृद्ध ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका बेटा और बहू आए दिन उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। हालात इतने खराब हो गए कि उन्हें समय पर भोजन तक नहीं दिया जाता था।पीड़ित वृद्ध के अनुसार 24 जनवरी 2026 की सुबह करीब 10 बजे बेटे और बहू ने उनसे विवाद किया और उन्हें घर छोड़कर जाने के लिए मजबूर कर दिया। भय और लाचारी में उन्होंने अपना घर छोड़ दिया और अगले दिन अपनी बेटी के यहां शरण ली।
घटना की जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को देने के बाद वृद्ध ने हिम्मत जुटाकर थाना लांजी पहुंचकर अपने बेटे और बहू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश मेंटेनेंस एंड वेलफेयर ऑफ पैरेंट्स एंड सीनियर सिटिजन रूल्स 2009 की धारा 4/24 के तहत मामला दर्ज किया है।










































