‘मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं’, नरोत्तम मिश्रा की दतिया में हुंकार, जानें मंच से किसे दी चेतावनी

0

दतिया: बीजेपी के सीनियर नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दतिया उपचुनाव की बागडोर संभाल ली है। दतिया में एक रैली को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने सख्त तेवर दिखाए हैं। नरोत्तम मिश्रा ने साफ किया है मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं। मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं। नरोत्तम मिश्रा के इस बयान के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।

क्या कहा नरोत्तम मिश्रा ने

दतिया में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर पर निशाना साधा। नरोत्तम मिश्रा ने कहा ‘मैं एक मित्र से कहना चाहता हूं कि आपने लाठीचार्ज किया, जिसका हमारे पास वीडियो है। आपको चक्का जाम खुलवाना था तो खुलवाते, लेकिन आंसू गैस के गोले कार्यालय पर क्यों दागे गए? क्या कार्यालय की बिल्डिंग सड़क को रोक रही थी? एसपी साहब मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं, मैं याद रखता हूं।

मैं दोस्ती और दुश्मनी याद रखता हूं

नरोत्तम मिश्रा ने एसपी और कलेक्टर को सख्त लहजे में कहा- ‘मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं। मैं प्रेम और क्रोध दोनों याद रखता हूं। यहां की आवाज आप तक पहुंचेगी इसीलिए कह रहा हूं कि किसी भी कीमत पर निर्दोष कार्यकर्ताओं पर केस लगाना और निर्दोष लोगों को पीटना बर्दाश्त नहीं होगा। हम सब 3 तारीख का इंतजार कर रहे हैं।

क्या है मामला

दरअसल, नरोत्तम मिश्रा दतिया उपचुनाव के लिए बीजेपी की तरफ से उम्मीदवार के प्रबल दावेदार थे। लेकिन बीजेपी ने नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किया। नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने के बाद उनके समर्थक और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने नेशनल हाईवे जाम कर दिया था। हाइवे खाली करने पहुंची पुलिस की टीम और विरोध कर रहे लोगों के बीच विवाद हुआ था।

  • नरोत्तम मिश्रा ने प्रशासन को दी चेतावनी
  • कहा- मैं भूलने वाला आदमी नहीं हूं
  • समर्थकों पर पुलिस ने किया था केस
  • नाराज समर्थकों ने जाम किया था हाइवे

हाइवे खाली कराने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया था और आंसू गैस के गोले दागे थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों पर केस भी दर्ज किया था। इसी मामले को लेकर पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने एक जनसभा के मंच से पुलिस कार्रवाई को लेकर तीखे तेवर दिखाए हैं। उन्होंने अधिकारियों को खुले मंच से चेतावनी दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here