मोती नगर की महिलाओं की जीत: 20 दिन के आंदोलन के बाद हटी शराब दुकान

0

बालाघाट। वार्ड क्रमांक 24 से स्थानांतरित होकर वार्ड क्रमांक 25 के मोती नगर चौक में स्थापित की जा रही शराब दुकान को आखिरकार प्रशासन ने हटा दिया है। लंबे समय से चल रहे महिला विरोध प्रदर्शन, जनप्रतिनिधियों के दबाव और बढ़ते जनआक्रोश के बाद यह निर्णय लिया गया।
बताया जा रहा है कि बीते करीब 15 से 20 दिनों से क्षेत्र की महिलाएं शराब दुकान के विरोध में लगातार धरने पर बैठी हुई थीं। महिलाओं ने दिन-रात आंदोलन करते हुए दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग उठाई थी। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने साफ कहा था कि रिहायशी क्षेत्र और चौक-चौराहे के पास शराब दुकान खुलने से सामाजिक माहौल खराब होगा, जिसका असर परिवारों और युवाओं पर पड़ेगा।
आंदोलन के बीच राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई थी। यह वार्ड नगर पालिका अध्यक्ष और सांसद से जुड़ा होने के कारण मामला लगातार चर्चाओं में बना रहा। एक दिन पहले ही सांसद भारती पारधी ने भी महिलाओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए दुकान को दूसरी जगह शिफ्ट किए जाने के संकेत दिए थे। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल बढ़ गई।
सूत्रों के अनुसार 26 अप्रैल की देर शाम संबंधित ठेकेदार और आबकारी विभाग की टीम ने मोती नगर चौक में स्थापित की जा रही दुकान को वहां से हटा दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद धरने पर बैठी महिलाओं में खुशी का माहौल देखा गया और इसे उनकी बड़ी जीत माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक अब इस शराब दुकान को सिविल लाइन क्षेत्र में स्थानांतरित किए जाने की चर्चा है। हालांकि अभी तक सिविल लाइन क्षेत्र से दुकान स्थापना को लेकर किसी प्रकार का विरोध सामने नहीं आया है।
फिलहाल पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है कि आने वाले दिनों में सिविल लाइन क्षेत्र में प्रस्तावित इस दुकान का विरोध होता है या फिर प्रशासन वहां इसे सुचारू रूप से संचालित कर पाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here