World Largest Factories : दुनिया में कई ऐसी विशाल फैक्ट्रियां हैं, जिनका आकार देखकर अंदाजा लगाना मुश्किल है कि यहां कितने बड़े स्तर पर उत्पादन होता है। इन फैक्ट्रियों में बड़े-बड़े विमान, क्रूज जहाज, इलेक्ट्रिक कारें और अरबों रुपये का सामान तैयार किया जाता है। कुछ फैक्ट्रियां इतनी विशाल (Biggest Factories in the World) हैं कि इनके अंदर कई फुटबॉल मैदान आसानी से समा सकते हैं। आइए जानते हैं दुनिया की सबसे बड़ी फैक्ट्रियों के बारे में और यहां क्या-क्या बनाया जाता है।
1. बोइंग एवरेट फैक्ट्री, अमेरिका
रेनकोल (rencol) के मुताबिक अमेरिका के वॉशिंगटन स्थित बोइंग एवरेट फैक्ट्री दुनिया की सबसे बड़ी फैक्ट्री मानी जाती है। इसका कुल वॉल्यूम करीब 1.33 करोड़ क्यूबिक मीटर है। यह फैक्ट्री खासतौर पर बड़े यात्री विमानों के निर्माण के लिए बनाई गई थी। इस प्लांट में पहले मशहूर बोइंग 747 जंबो जेट बनाए जाते थे। अब यहां बोइंग 767, 777 और 787 ड्रीमलाइनर जैसे आधुनिक विमान तैयार किए जाते हैं। इतने बड़े विमानों को असेंबल करने के लिए फैक्ट्री के अंदर काफी ज्यादा ऊंचाई और खुली जगह की जरूरत होती है। इसी कारण इसका आकार इतना विशाल है।
2. टेस्ला गीगाफैक्ट्री टेक्सास, अमेरिका
अमेरिका के ऑस्टिन स्थित टेस्ला गीगाफैक्ट्री टेक्सास दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी फैक्ट्री है। इसका वॉल्यूम करीब 95.7 लाख क्यूबिक मीटर है। यह प्लांट टेस्ला की इलेक्ट्रिक कारों के उत्पादन का बड़ा केंद्र है। यहां टेस्ला मॉडल Y और साइबरट्रक जैसी गाड़ियों का निर्माण किया जाता है। कंपनी ने इस फैक्ट्री में उत्पादन की कई प्रक्रियाओं को एक ही जगह पर रखने की कोशिश की है, जिससे समय और लागत कम हो सके। ज्यादा मशीनों, रोबोटिक सिस्टम और उत्पादन लाइनों के कारण इस फैक्ट्री को काफी बड़े क्षेत्र की जरूरत पड़ती है।










































