सिल्वर मेडल के अलावा भारत ने अलग-अलग क्षेत्रों में 20 ‘मेडल फॉर एक्सीलेंस’ भी जीते। बेकरी में सिल्वर मेडल जीतने वाली स्मृति नांबियार को भारत की ओर से ‘बेस्ट ऑफ नेशन’ के तौर पर भी पहचान मिली।चीन के शंघाई में आयोजित WorldSkills Competition 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रतियोगिता में भारत 10वें स्थान पर रहा। भारतीय टीम ने इस बार 6 सिल्वर मेडल और 20 ‘मेडल फॉर एक्सीलेंस’ अपने नाम किए। भारत ने WorldSkills Lyon 2024 में 13वां स्थान हासिल किया था। उस प्रतियोगिता में भारत को 4 ब्रॉन्ज मेडल और 12 ‘मेडल फॉर एक्सीलेंस’ मिले थे। इस बार भारतीय टीम ने अपने पिछले प्रदर्शन में सुधार किया है।
इन 6 खिलाड़ियों ने जीते सिल्वर मेडल
WorldSkills Shanghai 2026 में भारत के लिए 6 खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्किल्स में सिल्वर मेडल जीते।
- स्मृति नांबियार – बेकरी
- मोहम्मद सलाम – डेंटल प्रोस्थेटिक्स
- कोविद अजय गंगराडे – डिजिटल इंटरैक्टिव मीडिया डिजाइन
- पार्थ वोहरा – इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी
- मेहरुन्निसा बेगम – लॉजिस्टिक्स और फ्रेट फॉरवर्डिंग
- सानिया जोशी – रिटेल सेल्स
20 ‘मेडल फॉर एक्सीलेंस’ भी मिले
सिल्वर मेडल के अलावा भारत ने अलग-अलग क्षेत्रों में 20 ‘मेडल फॉर एक्सीलेंस’ भी जीते। ये मेडल उन प्रतियोगियों को दिए जाते हैं, जो WorldSkills के तय अंतरराष्ट्रीय मानकों के मुताबिक बेहतरीन प्रोफेशनल स्किल का प्रदर्शन करते हैं। बेकरी में सिल्वर मेडल जीतने वाली स्मृति नांबियार को भारत की ओर से ‘बेस्ट ऑफ नेशन’ के तौर पर भी पहचान मिली।
70 देशों के 1,400 से ज्यादा युवाओं ने लिया हिस्सा
WorldSkills Shanghai 2026 का आयोजन 22 से 27 सितंबर 2026 तक हुआ। छह दिनों तक चली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में करीब 70 देशों और क्षेत्रों के 1,400 से ज्यादा युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। भारत की ओर से इस बार 70 प्रतियोगियों का दल प्रतियोगिता में शामिल हुआ, जो अब तक का सबसे बड़ा भारतीय दल था। भारतीय प्रतिभागियों ने 63 अलग-अलग स्किल्स में हिस्सा लिया। इनमें नई और उभरती तकनीक, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, इंजीनियरिंग, क्रिएटिव इंडस्ट्री और सर्विस सेक्टर से जुड़ी स्किल्स शामिल थीं।
27 सितंबर को हुआ समापन समारोह
प्रतियोगिता में 23 से 26 सितंबर तक अलग-अलग स्किल्स में मुकाबले हुए। इसके बाद 27 सितंबर को समापन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया। समारोह में तकनीकी कौशल, इनोवेशन, सटीकता और बेहतर कारीगरी का प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की उपलब्धियों को सम्मान दिया गया। इसमें दुनिया भर से आए प्रतियोगी, एक्सपर्ट, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल और इंडस्ट्री से जुड़े लोग शामिल हुए।
जयंत चौधरी ने टीम इंडिया को दी बधाई
टीम इंडिया के प्रदर्शन पर कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय (स्वतंत्र प्रभार) और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि 6 सिल्वर मेडल और 20 ‘मेडल फॉर एक्सीलेंस’ के साथ भारत का प्रदर्शन देश की बढ़ती स्किलिंग क्षमता को दिखाता है। उन्होंने प्रतियोगियों के साथ-साथ एक्सपर्ट्स, ट्रेनर्स और इंडस्ट्री पार्टनर्स की भी सराहना की।
जयंत चौधरी ने कहा कि भारतीय युवाओं ने आत्मविश्वास, मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ दुनिया के मंच पर देश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की यह सफलता भविष्य के लिए बेहतर स्किलिंग सिस्टम तैयार करने के प्रयासों को और मजबूत करती है।






































