पदमेश न्यूज़, बालाघाट।रात के समय वाहनों से निकलने वाली तेज लाइट की रोशनी भी सड़क हादसों को बढ़ा रही है।बीती रात लालबर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम नेवरगांव से कंजई घाटी मार्ग के बीच सामने से आ रहे अज्ञात वाहन की तेज लाइट से अलग-अलग मोटरसाइकिल चला रहे युवकों के आंखों के सामने अंधेरा छा गया, जहां मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिरने से मोटरसाइकिल सवार में सवार एक महिला सहित एक युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए।जिसमे से युवक की देर रात उपचार के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई, तो वही सड़क हादसे में गम्भीर रूप से घायल महिला का लालबर्रा के आसपास में उपचार जारी है।मृतक का नाम जिला सिवनी,थाना हुगली, ग्राम गुरेरामाल निवासी 20 वर्षीय संदीप पिता बीरबल मड़ावी बताया गया है। जबकि इस सड़क हादसे में इसी गांव की रहने वाली 23 वर्षीय महिला रोशनी पिता बस्तीराम धुर्वे, गंभीर रूप से घायल है।जिसका लालबर्रा अस्पताल में उपचार जारी है।वही इस सड़क हादसे में रोशनी का डेढ़ वर्ष का पुत्र लक्ष्मण धुर्वे, मोटरसाइकिल चालक 26 वर्षी बस्तीराम पिता रमेश धुर्वे और आर्यन पिता राजन सिल्लारे 23 वर्ष सभी सुरक्षित बताए गए हैं।
रिसेप्शन से लौटते वक्त हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात को लालबर्रा के धुर्वे परिवार के यहां लड़के के विवाह की रिसेप्शन पार्टी थी। जिसमें शामिल होने सिवनी जिले के उगली थाना अंतर्गत गुरेरामाल से संदीप मड़ावी, बस्तीराम धुर्वे उसकी पत्नी रोशनी धुर्वे, पुत्र लक्ष्मण और आर्यन सिल्हारे लालबर्रा आए थे । जहां पार्टी में शामिल होने के बाद सभी रात्रि तकरीबन 1 बजे, वह लालबर्रा से दो मोटर सायकिल में सवार होकर घर गुरेरामाल जा रहे थे। इस दौरान एक मोटर सायकिल में बस्तीराम के साथ संदीप बैठा था। जबकि दूसरी मोटर सायकिल में आर्यन के साथ रोशनी और उसका मासुम बच्चा था। बस्तीरारम, संदीप के साथ आगे चल रहा था। इसी दौरान नेवरगांव और कंजई घाटी के बीच, सिवनी की ओर से आ रहे एक चौपहिया वाहन की लाईट की रोशनी, बस्तीराम की आंखो में पड़ी और उसका वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। जिसके बाद आर्यन की भी मोटर सायकिल अनियंत्रित हो गई। जिससे साथ बैठी रोशनी भी गिर गई। जिसमें संदीप और रोशनी के घायल हो गए।
पीएम के बाद सौपा गया शव
उधर हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनो ही घायलों को उपचार के लिए लालबर्रा अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिकी उपचार के बाद संदीप की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रात्रि करीब 2 बजे उसे जिला अस्पताल रिफर किया गया था। जब घायल, संदीप को जिला अस्पताल लाया गया तो डॉ. ने उसे मृत घोषित कर दिया।उधर चिकित्सक से तहरीर मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने पंचनामा सहित अन्य आवश्यक कार्यवाही पूरी की, जिसके बाद शव को अस्पताल के फ्रिजर में रखा गया था।आज सोमवार सुबह परिजनों के ब्यान दर्ज कर,मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए शव उनके परिजनों के सुपुर्द किया है।
लालबर्रा पुलिस करेंगी मामले की जांच
इस पूरे मामले को लेकर की गई चर्चा के दौरान अस्पताल चौकी प्रभारी ईश्वरदयाल पटले ने बताया कि मामले में शून्य पर मर्ग कायम कर अग्रिम कार्यवाही के लिए डायरी संबंधित थाना को भेजी जाएगी।इस मामले में आगामी जांच लालबर्रा पुलिस करेंगी।










































